Abhijeet assertion on battle with Shahrukh Khan | शाहरुख खान से हुआ था अभिजीत का झगड़ा: सालों बाद सिंगर ने कहा- वो इतराता है, उसे पता है कि मुझे चोट पहुंची है
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक समय में सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या को शाहरुख खान की आवाज कहा जाता था। अभिजीत ने शाहरुख खान के लिए दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, यस बॉस, बादशाह से लेकर मैं हूं ना, ओम शांति ओम जैसी कई फिल्मों में आवाज दी है। हालांकि, फिल्म मैं हूं ना के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और दोनों ने बात बंद कर दी। दोनों के मतभेद का कारण सिंगर को फिल्म में क्रेडिट न दिए जाने से शुरू हुआ था। अब सालों बाद अभिजीत भट्टाचार्या ने शाहरुख से हुए मतभेद पर बात की है।
सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या ने पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में कहा है, ‘ये वो बात है, जिसे शाहरुख भी अच्छी तरह जानता है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हैं। हमारा बर्थडे भी एक दिन के अंतराल में होता है। हमारा एक जैसा व्यवहार है। हम दोनों को ही पता था कि हम क्या कर रहे हैं और क्या बनने वाले हैं। अगर आज मैं उसके पास 6-7 साल का सीनियर होने की हैसियत से जाऊं और कान पकड़कर कहूं कि बहुत हुआ ड्रामा, तुम एक स्टार हो और हमेशा रहोगे, लेकिन अगर मैं पिक्चर में वापस आ जाऊं तो फिर मैं ही रहूंगा।’
आगे उन्होंने कहा है, ‘कभी-कभी मुझे लगता है कि वो इतराता है, या शायद उसके पास बिल्कुल टाइम ही नहीं है, लेकिन वो ऐसा नहीं है। मैं खुद को और उसको अच्छी तरह जानता हूं, जबकि हमारा कोई क्लोज बॉन्ड नहीं है। वो जानता है कि मुझे चोट पहुंची है। ये जितने भी स्टार्स हैं एक-दूसरे के नाम का कुत्ता पालते हैं, लेकिन जब कुछ होता है तो एक-दूसरे के गले भी लग जाते हैं।’
दोस्ती करने पर बोले- वो बहुत कॉमर्शियल हो चुका है
जब अभिजीत से पूछा गया कि क्या कभी फैंस के लिए वो दोबारा साथ आएंगे, तो इस पर सिंगर ने कहा, ‘मैं सोच सकता हूं, लेकिन वो बहुत कॉमर्शियल हो गया है। अब उसे पता ही नहीं उसका गाना किसने गाया। वो इस बारे में क्यों सोचेगा, वो इससे निकल चुका है। उसको क्या फर्क पड़ता है।’
क्यों हुआ था शाहरुख-अभिजीत का झगड़ा
बताते चलें कि दोनों के बीच 2004 की फिल्म मैं हूं ना से मतभेद शुरू हुए थे। दरअसल, अभिजीत ने फिल्म का गाना तुम्हें जो मैंने देखा गाया था, जिसे शाहरुख खान पर फिल्माया गया था। सिंगर ने बताया था कि उस फिल्म में स्पॉटबॉय, हेयरड्रेसर से लेकर असिस्टेंट ड्रेस मेकर्स को भी क्रेडिट दिया गया था, हालांकि सिंगर का कहीं नाम नहीं था।

2012 में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत ने कहा था, ‘मुझे नहीं पता क्यों हमारे फिल्ममेकर्स कभी सिंगर्स को क्रेडिट नहीं देते हैं। मैं हूं ना के एंड क्रेडिट में सिंगर का नाम सबसे आखिर में दिया गया था। सबसे बुरी बात ये थी कि उस सेगमेंट को चायवालों और ड्रेस मैन के साथ शूट किया गया था, लेकिन सिंगर के साथ नहीं। मेरे परिवार ने जब फिल्म देखी तो उन्हें धोखे का एहसास हुआ। यही ओम शांति ओम के साथ भी हुआ था, जबकि मैं शाहरुख खान की आवाज था। मैंने शाहरुख खान और फराह से भी नाराजगी जाहिर की थी।’











