Lok Sabha Election CG: भाजपा का गढ़ कांग्रेस की चुनौती, रायपुर लोकसभा सीट में राष्ट्रीय-स्थानीय मुद्दों पर चुनाव
रायपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व आठ बार विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सामने कांग्रेस के युवा नेता व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय हैं। भाजपा ने 20 वर्षों से अजेय सीट की लीड बरकरार रखने के लिए ऐसे नेता को मैदान पर उतारा, जिसने हार का स्वाद चखा ही नहीं। इधर, रायपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने कई कद्दावर नेताओं की भीड़ में ऐसे नेता को टिकट दिया, जो कि पिछला विधानसभा चुनाव हार गए हैं, लेकिन विकास उपाध्याय इससे पहले 2018 के चुनाव में मंत्री राजेश मूणत को हराकर सुर्खियां बटोर चुके हैं। राहुल गांधी से नजदीकी होने का फायदा उन्हें मिला। दोनों प्रत्याशी राष्ट्रीय मुद्दों के साथ स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के पास जा रहे हैं।
कभी कांग्रेस का गढ़ था रायपुर लोकसभा सीट
रायपुर लोकसभा सीट कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था, लेकिन अब भाजपा का दबदबा है। मिनीमाता 1952, 1957, 1962, 1967 और 1971 में कांग्रेस पार्टी की टिकट से अलग-अलग सीटों लोकसभा सदस्य चुनी गई थीं।
रायपुर लोकसभा सीट के चुनावी इतिहास पर गौर करें तो 1951 से अब तक 17 बार हुए चुनाव में आठ बार मतदाताओं ने कांग्रेस को चुना। कांग्रेस की लगातार जीत को पुरुषोत्तम कौशिक ने 1977 में तोड़ा था।
मोदी की गारंटी, विष्णु का सुशासन है मुद्दा : बृजमोहन
भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी, विष्णु का सुशासन मुद्दा है। 2014 से भाजपा के नेतृत्व में देश ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए लोगों का विश्वास जीता है। भ्रष्टाचारियों पर भाजपा सरकार ने कार्रवाई की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने संकल्प पत्र के जरिए भाजपा एक बार फिर जनता के दिलों में जगह बना चुकी है।
कांग्रेस की न्याय गारंटी, केंद्र सरकार की विफलता है मुद्दा : विकास उपाध्याय
कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय का कहना है कि कांग्रेस की न्याय गारंटी योजना के जरिए हम जनता के बीच पहुंच रहे हैं। महालक्ष्मी न्याय गारंटी योजना में महिलाओं को सालाना एक लाख रुपये की गारंटी कांग्रेस ही दे सकती है। 30 लाख सरकारी नौकरी का वादा हमने किया है। केंद्र सरकार की 10 वर्ष की विफलता को जनता अच्छे जान चुकी है। बेरोजगारी, महंगाई से आम आदमी का जीना मुहाल हो चुका है।
निर्वाचित- निकटतम प्रत्याशी
1999-रमेश बैस- भाजपा-3,54,736- 53.67- जुगल किशोर साहू-कांग्रेस-2,74,676-41.55
2004-रमेश बैस- भाजपा-3,76,029- 54.53- श्यामाचरण शुक्ल-कांग्रेस-2,46,510-35.75
2009-रमेश बैस- भाजपा-3,64,943- 49.19- भूपेश बघेल-कांग्रेस-3,07,042-41.38
2014- रमेश बैस-भाजपा-6,54,922- 52.6 सत्य नारायण शर्मा-कांग्रेस-4,83,276-38.82
2019- सुनील सोनी- भाजपा-10,71,920-60.20 प्रमोद दुबे-कांग्रेस-10,38,885-35.18
लोकसभा सीट में आने वाली विधानसभा क्षेत्र व विधायक
विधानसभा-विधायक
बलौदाबाजार-टंकराम वर्मा(भाजपा)
भाटापारा-शिवरतन शर्मा(भाजपा)
धरसींवा-अनुज शर्मा(भाजपा)
रायपुर नगर पश्चिम-राजेश मूणत (भाजपा)
रायपुर नगर उत्तर-पुरंदर मिश्रा (भाजपा)
रायपुर नगर दक्षिण-बृजमोहन अग्रवाल (भाजपा)
रायपुर ग्रामीण-मोतीलाल साहू (भाजपा)
अभनपुर-इंद्रकुमार साहू (भाजपा)
आरंग-गुरु खुशवंत सिंह साहेब (भाजपा)









.jpg)

