हिंदू नववर्ष पर बादल बरसाएंगे अमृत की बूंदें
एक दिन पहले रविवार को दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी। शहर समेत पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में दिनभर रिमझिम वर्षा होती रही।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 09 Apr 2024 01:17 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 09 Apr 2024 01:17 AM (IST)
नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच इंसानों के साथ जीव-जंतु हलकान थे। जंगलों में आग की घटनाएं भी शुरू होने लगी थीं। इस बीच मौसम में हुए बदलाव के बाद वातावरण में नमी आने से सभी खुश हैं। पेड़-पौधे लहलहाने लगे हैं। वन हरियाली से आच्छादित नजर आने लगे हैं। मंगलवार को हिंदू नववर्ष पर बादल अमृत की बूंदे बरसाएंगे।
एक दिन पहले रविवार को दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी। शहर समेत पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में दिनभर रिमझिम वर्षा होती रही। न्यायधानी में 4.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि जिले में 33 मिलीमीटर पानी गिरा है। यही कारण है कि आमजन को गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो यह स्थिति अभी कुछ दिनों तक बनी रहेगी। धरती गर्म महसूस नहीं होगी। मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है। इसके प्रभाव से मंगलवार को भी वर्षा संभावित है।
आज होगी तापमान में वृद्धि
प्रदेश में नौ अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि संभावित है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत है।
12 अप्रैल तक मौसम में परिवर्तन
मौसम विज्ञानी मो.सिराज खान की मानें तो 12 अप्रैल तक मौसम में ऐसे ही बना रहेगा। मामूली उतार-चढ़ाव के बीच कभी आंधी तो कभी हल्की वर्षा का दौर जारी रहेगा। 13 अप्रैल से वातावरण सामान्य होगा। हालांकि इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। एकाएक तापमान में वृद्धि की संभावना कम है।
एक सप्ताह में बिलासपुर का तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
आठ अप्रैल
सात अप्रैल 30.4 23.4
छह अप्रैल 40.4 23.8
पांच अप्रैल 40.6 24
चार अप्रैल 39.8 23.6
तीन अप्रैल 39.8 23.0
दो अप्रैल 39.2 22.6

