Lok Sabha Election 2024: दूसरे चरण की सात सीटों के लिए नाम वापसी का अंतिम दिन आज, 93 प्रत्याशियों ने भरे हैं नामांकन पत्र
मध्य प्रदेश में दूसरे चरण के लिए सात सीटों पर होने वाले मतदान के लिए आज नाम वापसी का अंतिम दिन है।
By Bharat Mandhanya
Publish Date: Mon, 08 Apr 2024 09:04 AM (IST)
Up to date Date: Mon, 08 Apr 2024 09:04 AM (IST)

HighLights
- दूसरे चरण में सात सीटों पर होगा मतदान
- आज नाम वापसी का अंतिम दिन
- प्रत्याशियों को प्रचार के लिए मिलेंगे 16 दिन
Lok Sabha Election 2024 राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में रीवा, सतना, टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, बैतूल और होशंगाबाद में होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए आज प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो जाएगी। आज नाम वापसी का अंतिम दिन है, इसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि किस सीट पर कितने उम्मीदवारों के बीच लड़ाई है। कहां सबसे अधिक और कहां सबसे कम उम्मीदवार हैं। यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है, यानी नाम वापसी के बाद 16 दिन प्रचार के लिए प्रत्याशियों को मिलेंगे।
16 नामांकन किए अस्वीकृत
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 93 अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए हैं, जबकि गलतियों के चलते 16 के अस्वीकृत कर दिए गए हैं। टीकमगढ़ (अजा) में आठ, दमोह में 16, खजुराहो में 14, सतना में 20, रीवा में 14, होशंगाबाद में 12 और बैतूल (अजजा) में नौ अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। वहीं, टीकमगढ़, दमोह और सतना में दो-दो, खजुराहो और रीवा में पांच-पांच अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र रद किए गए हैं।
12 अप्रैल से तीसरे चरण का नामांकन होगा शुरू
बता दे कि तीसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू की जाएगी। तीसरे चरण के तहत मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा।

