माध्यमिक शिक्षा मंडल की हेल्पलाइन पर 12वीं के विद्यार्थी पूछ रहे हैं कि इस बार भी मेरिट में आने पर स्कूटी या लैपटाप दिया जाएगा। जबकि 10वीं के अधिकतर विद्यार्थी पूछ रहे हैं कि बेस्ट आफ फाइव योजना लागू है कि नहीं।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Solar, 07 Apr 2024 08:54 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 07 Apr 2024 09:16 PM (IST)
HighLights
- 12वीं बोर्ड के विद्यार्थी पूछ रहे, क्या मेरिट में आने पर मिलेगी स्कूटी
- माशिम की हेल्पलाइन पर हर दिन 400- 500 विद्यार्थियों के आ रहे फोन
- अप्रैल के तीसरे हप्ते आ सकता है रिजल्ट
भोपाल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के तीसरे सप्ताह में घोषित होने वाला है। परिणाम को लेकर माशिम की हेल्पलाइन पर फोन की संख्या दोगुना हो गई है। हर दिन 400-500 फोन आ रहे हैं। जनवरी से लेकर अब तक करीब 35 हजार काल आ चुके हैं। इसमें 90 प्रतिशत विद्यार्थी एक ही सवाल कर रहे हैं कि रिजल्ट कब आएगा। ऐसे में कई विद्यार्थियों के मन में रिजल्ट को लेकर तनाव बढ़ रहा है।
इसके अलावा 12वीं के विद्यार्थी पूछ रहे हैं कि इस बार भी मेरिट में आने पर स्कूटी या लैपटाप दिया जाएगा। जबकि 10वीं के अधिकतर विद्यार्थी पूछ रहे हैं कि बेस्ट आफ फाइव योजना लागू है कि नहीं। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने पूछा कि अभिभावकों को उनसे काफी उम्मीद है, अगर परिणाम खराब हो गया तो वह कैसे सामना करेंगे।
कई विद्यार्थियों ने पूछा कि कुछ पेपर अच्छे नहीं गए हैं, तो फेल होने की संभावना है क्या। इस पर काउंसलर विद्यार्थियों के तनाव को दूर कर रहे हैं। साथ ही अभिभावकों को भी सलाह दी जा रही है कि बच्चों का ध्यान रखें। उनका अंकों से आकलन न करें। बता दें कि इस साल 10वीं व 12वीं में करीब 17 लाख विद्यार्थी शामिल हुए हैं।
इस नंबर पर करें काल
माशिमं की हेल्पलाइन में 18 काउंसलर सुबह आठ से रात के आठ बजे तक विद्यार्थियों की काउंसलिंग के लिए उपलब्ध हैं। टोल फ्री नंबर 18002330175 पर फोन कर विद्यार्थी काउंसलर से सलाह ले सकते हैं।

.jpg)



