Katni Information : चिकित्सकों का कहना था कि मामला दूषित खाद्य सामग्री के साथ ही जहरीला पदार्थ खाने का भी हो सकता है, जो परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।
By Mukesh Tiwari
Publish Date: Solar, 07 Apr 2024 12:25 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 07 Apr 2024 12:25 PM (IST)
HighLights
- कैमोर निवासी परिवार चक्कर आने के साथ बेहोश हो गया।
- तीनों ने घर में लौकी की सब्जी व रोटी खाई थी।
- विजयराघवगढ़ से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Katni Information : नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कैमोर निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रात को खाना खाने के बाद अचानक तबियत बिगड़ गई और चक्कर आने के साथ वे बेहोश हो गए। स्वजनों ने तीनों को रात को ही कैमोर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनको सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेजा गया। हालत में सुधार न होने पर तीनों को जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। मामले को लेकर चिकित्सकों का कहना था कि मामला दूषित खाद्य सामग्री के साथ ही जहरीला पदार्थ खाने का भी हो सकता है, जो परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।
तीनों ने बैठकर लौकी की सब्जी व रोटी खाई
हरिशंकर पांडेय 62 वर्ष कैमोर में एसीसी फैक्ट्ररी में काम करते थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए हैं। घर में उनकी पत्नी सुधा पांडेय व बेटी यशी पांडेय थीं। बेटी यशी ने बताया कि रात को वह और मां घर के बाहर बैठी थीं। इस बीच पिता आए और उसके बाद तीनों ने बैठकर लौकी की सब्जी व रोटी खाई। रात को अचानक से माता-पिता सहित उसको चक्कर आने लगे और बेटी ने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। बेटी की हालत भी बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्य व पड़ोसी तीनों को लेकर कैमोर अस्पताल और उसके बाद विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
तीनों को विजयराघवगढ़ अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया
रात भर तीनों का इलाज किया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। जिसके चलते तीनों को विजयराघवगढ़ अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुबह तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटी की हालत में सुधार है जबकि माता-पिता की तबियत में सुधार नहीं हो रहा था। मामले को लेकर चिकित्सकों का कहना है कि दूषित खाद्य सामग्री की बात बताई गई है लेकिन जहरीला पदार्थ खाने की भी शंका है, हालांकि इस संबंध में कैमोर थाना प्रभारी का कहना था कि उनके पास इस संबंध में सूचना नहीं आई है लेकिन वे जानकारी ले रहे हैं कि वास्तविक मामला क्या है।





