Ambikapur Information : नगर के ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर संडे मार्केट में निर्मित अटल बाजार की 18 दुकानों की बकाया निविदा व किराया राशि की वसूली के बावजूद बकाया राशि जमा नही करने वाले सात दुकानदारों की दुकानों में शुक्रवार की शाम नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा ताला जड़ दिया ।
By Anang Pal Dixit
Publish Date: Fri, 05 Apr 2024 11:10 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 05 Apr 2024 11:10 PM (IST)
नईदुनिया न्यूज बिश्रामपुर। नगर के ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर संडे मार्केट में निर्मित अटल बाजार की 18 दुकानों की बकाया निविदा व किराया राशि की वसूली के बावजूद बकाया राशि जमा नही करने वाले सात दुकानदारों की दुकानों में शुक्रवार की शाम नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा ताला जड़ दिया गया है। इस कार्रवाई का कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया।
बता दें कि ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर अंतर्गत साप्ताहिक बाजार में निर्मित अटल बाजार की 18 दुकानों समेत बस स्टैंड में पंचायत परिसर की दुकानों के साथ ही नल जल योजना की 28 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि वसूली तथा संडे मार्केट स्थित मांसाहार विक्रेताओं को अन्यंत्र स्थानान्तरित करने की भी मांग ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा कलेक्टर से की गई थी। उसके बाद से ही इस मामले में प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
बता दें कि जनपद पंचायत सुरजपुर के अंतर्गत आने वाली नगर स्थित ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर की सरपंच विमला सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ उक्ताशय को लेकर कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया गया था कि ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर के साप्ताहिक बाजार स्थित अटल बाजार की 18 दुकानों को निविदा के माध्यम से वर्ष 2011 – 12 में आबंटित किया गया था। जिसमें निविदा राशि 53 हजार रूपए के साथ ही आबंटित दुकानों का मासिक किराया पांच सौ रुपये भी निर्धारित था। उक्त दुकानदारों में कुछ लोगो को छोड़कर अधिकांश दुकानदारों ने पंचायत में अब तक बकाया राशि जमा नहीं की गई है, जबकि इस मामले को लेकर पंचायत द्वारा कई बार दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। उसके बावजूद आबंटी दुकानदारों द्वारा आज पर्यंत करीब 13.60 लाख रुपये की बकाया राशि जमा नही की गई है। इसके साथ ही बताया गया था कि अटल बाजार की 18 दुकानों का आबंटी दुकानदार से 13 लाख रुपए से अधिक की राशि वसूल की जानी है। वहीं नगर के बस स्टैंड में ग्राम पंचायत परिसर की 44 दुकानों के दुकानदारों से छह लाख रुपए से अधिक किराया राशि वसूल की जानी है। बार बार मांग के बावजूद दुकानदारों द्वारा लंबे समय से किराया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इसी प्रकार नल जल योजना के तहत आपूर्ति किए जाने पेयजल के उपभोक्ताओं से ग्राम पंचायत प्रशासन को आठ लाख रुपये की वसूली करना है, लेकिन उपभोक्ताओं द्वारा नल जल योजना की निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किए जाने के कारण ग्राम पंचायत प्रशासन को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।
एसडीएम ने दिया था अल्टीमेटम-
सरपंच व पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर पिछले दिनों सूरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा ने अपनी टीम के साथ सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में अटल बाजार स्थित दुकानों के दुकानदारों समेत बस स्टैंड स्थित पंचायत परिसर की 40 दुकान के दुकानदारों को दो टूक शब्दों में कहा कि वे बकाया किराया राशि का भुगतान जल्द से जल्द कर दें, अन्यथा दुकानों को सील कर बकाया किराया राशि की वसूली की जाएगी। वहीं उन्होंने संडे मार्केट से मटन मछली की दुकानों को अन्यंत्र स्थानांतरित करने के लिए एसईसीएल के अमेरा सहक्षेत्र कार्यालय के पीछे खाली पड़े स्थान का पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चयन किया था।
अटल बाजार की दुकानों में जड़ा ताला-
एसडीएम के अल्टीमेटम के बाद अटल बाजार के 11 दुकानदारों ने बकाया राशि की अदायगी की शुरुआत करते हुए प्रथम किश्त मर 3.25 लाख रुपये जमा करते हुए जल्द से जल्द पूरी बकाया राशि जमा करने का आश्वासन दिया। वहीं सात दुकानदारों ने बकाया राशि जमा नहीं की। इधर प्रशासन की हरकत में आने के बाद बस स्टैंड में ग्राम पंचायत परिसर से सटी 40 दुकान के संचालकों ने भी किस्त में बकाया राशि जमा करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार आरबी मानिकपुरी समेत सरपंच बिमला सिंह, पंच अनीता सिंह व अन्य दुकानदारों की मौजूदगी में क्रमशः मधु गर्ग समेत कमल किशोर, गौरव शर्मा, चंद्रमा विश्वकर्मा एवं अजय कुमार को आवंटित दुकान में ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा अपना ताला जड़ दिया है।





