कर्नाटक में भी गर्म और आर्द्र स्थिति का अनुभव होगा, जबकि गोवा में 7 अप्रैल तक ऐसी ही स्थिति रहेगी।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Fri, 05 Apr 2024 08:44 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 05 Apr 2024 08:44 AM (IST)
HighLights
- गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
- गोवा, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 अप्रैल तक कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
- आज और कल ओडिशा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में गर्म रात की स्थिति बनी रहेगी, छत्तीसगढ़ में भी आज ऐसी ही स्थिति रहेगी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अप्रैल को जारी मौसम के पूर्वानुमान में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 6 अप्रैल तक देश के अलग-अलग क्षेत्रों में गर्मी की लहर चल सकती है। IMD ने करीब 5 राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड में भी अगले 7 दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहेगी।
ओडिशा व बिहार में होगी हल्की बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 6 से 9 अप्रैल तक गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कर्नाटक , तेलंगाना , तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 अप्रैल तक कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी बांग्लादेश पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके परिणामस्वरूप अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम बुलेटिन के अनुसार, आज और कल ओडिशा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में गर्म रात की स्थिति बनी रहेगी, छत्तीसगढ़ में भी आज ऐसी ही स्थिति रहेगी। केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में 8 अप्रैल तक गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति रहने की उम्मीद है। कर्नाटक में भी गर्म और आर्द्र स्थिति का अनुभव होगा, जबकि गोवा में 7 अप्रैल तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। इसके अलावा असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 5 दिनों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।





