रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, एक घायल

रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, एक घायल

कोटा क्षेत्र के सलका अंडरब्रिज के पास की घटना

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Fri, 05 Apr 2024 12:44 AM (IST)

Up to date Date: Fri, 05 Apr 2024 12:47 AM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतनिधि)। रेत का अवैध परिवहन कर ट्रैक्टर के चालक ने सलका अंडर ब्रिज के पास बाइक सवार को टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

कोटा क्षेत्र के कुंआरीमुड़ा में रहने वाले रोशन सिंह ध्रुव (25) रोजी मजदूरी करते थे। गुरुवार की दोपहर वे अपने भाई दूजराम लेकर रिश्तेदारी में नवागांव जा रहे थे। बाइक सवार रोशन और दूजराम सलका अंडरब्रिज के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दूजराम दूर जाकर गिरा। वहीं, रोशन ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूजराम को चोटें आईं हैं। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना कोटा पुलिस को दी। इस पर कोटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। आरोपित ट्रैक्टर ड्राइवर देवनारायण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जिले भर में ट्रैक्टर से हो रहा अवैध परिवहन

जिले में रेत के अवैध परिवहन के लिए ज्यादातर ट्रैक्टर का उपयोग किया जा रहा है। खारंग और अरपा में रेत माफिया सक्रिय हैं। अवैध उत्खनन करने वाले वाहन भी बेतरतीब चला रहे हैं। इसके कारण हादसे भी हो रहे हैं। गुरुवार को भी ट्रैक्टर का ड्राइवर तेजी से वाहन चला रहा था। इसके कारण हादसा हुआ।

पुलिस को धमकाया जा रहा

मिल रही जानकारी के मुताबिक, पुलिस के जवान अब लगातार अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर और ट्रक को पकड़ रहे हैं, लेकिन दूसरी और रेत माफिया उन्हें धमकाने से पीछे नहीं हट रहे। बताया जा रहा कि अरपापार जब भी पुलिस के जवान अवैध रेत के वाहन को पकड़ रहे, तो उल्टा उन्हें धमकियां दी जा रहीं हैं।