नकुल नाथ ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की आखिरी राशि आएगी, रख लेना।
By Prashant Pandey
Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 06:03 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Apr 2024 06:19 PM (IST)
HighLights
- 17 अप्रैल को छिंदवाड़ा में चुनाव प्रचार थमेगा, लेकिन कोई काम नहीं हो पाएगा, क्योंकि उस दिन रामनवमी है।
- नकुल नाथ ने कहा कि सही मायने में चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ 12 दिन ही बचे हैं।
- कार्यकर्ताओं से कहा कि आपके चेहरे पर उत्साह देखकर मेरे बदन में भी डेढ़ किलो खून बढ़ गया है।
Chhindwara Lok Sabha Seat: नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी नकुल नाथ ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं से कहा कि अति आत्मविश्वास में नहीं रहें, इसका खामियाजा हमें पिछले लोकसभा चुनाव में उठाना पड़ा था। चुनाव के लिए कम दिन बचे हैं। 17 अप्रैल को छिंदवाड़ा में चुनाव प्रचार थमेगा, लेकिन कोई काम नहीं हो पाएगा, क्योंकि उस दिन रामनवमी है।
सही मायने में चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ 12 दिन ही बचे हैं। ऐसे में रात-दिन एक करके मेहनत करनी पड़ेगी। केवल 12 दिन मैं आपसे मांग रहा हूं। हमारी 12 दिन की मिठाई (मेहनत) और फिर पांच साल मौज करेंगे। उन्होंने कमल नाथ के अंदाज में कार्यकर्ताओं से कहा कि आपके चेहरे पर उत्साह देखकर मेरे बदन में भी डेढ़ किलो खून बढ़ गया है।

नकुल के इस अंदाज पर मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। उन्होंने कहा कि अगली मुलाकात चार जून को शाम सात बजे होगी। नकुल ने कहा कि लाड़ली बहना योजना को भाजपा ने 1250 रुपये तक ही सीमित कर दिया। सरकार दोबारा आपके खाते में राशि डालेगी तो ये आखिरी राशि है, इसे रख लीजिएगा।
मैं नेता नहीं आपके परिवार की बेटी, बहू हूं : प्रिया नाथ
समाज के हर वर्ग का ध्यान पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ व सांसद नकुल नाथ ने रखा है। आज मैं यहां आप सभी के बीच केवल वोट मांगने नहीं बल्कि आपका प्यार और विश्वास मांगने आई हूं। ठीक इसी प्रकार आगे भी आपके बीच आऊंगी और मिठाई खाने के उपरांत आपकी समस्याओं को सुनूंगी और नकुल नाथ एवं कमल नाथ तक उसे पहुंचाऊंगी भी, क्योंकि शुरुआत में ही मैंने आप सभी से कहा था कि हमारा पारिवारिक रिश्ता है। यह बात प्रिया नाथ ने अपने जनसंपर्क के दौरान कही।
प्रिया नाथ ने उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि बुरे वक्त में जो हमारे साथ खड़ा होता है वही परिवार का सदस्य होता है। आप सभी को याद होगा कि कोरोना संक्रमण काल के चार दिन पहले ही प्रदेश की कमल नाथ की सरकार गिराई गई थी और मैं स्वयं कोरोना से संक्रमित थी फिर भी कमल नाथ व नकुल नाथ छिंदवाड़ा जिले के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन, आक्सीजन सहित अन्य आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति करने में जुटे थे। तब भाजपा के लोग कहां थे, उनकी सरकार थी फिर भी उन्होंने कुछ नहीं किया। हम महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं और यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने अपने उदबोधन में आगे कहा कि मैं नेता नहीं बल्कि आपके परिवार की बहू और बेटी हूं।





