Bilaspur Political Information: संविधान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो लाठी भी चलाऊंगा: देवेंद्र
बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में देवेन्द्र बोल रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि बिलासपुर की जनता ने भाजपा के जिन नेताओं को जिताकर संसद में भेजा वे सभी मूक सांसद साबित हुए।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 02:27 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Apr 2024 02:27 AM (IST)

नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने नेता प्रतिपक्ष डा. चरण दास महंत के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि हां मैं लाठी चलाऊंगा क्योंकि मैं यादव हूं और यादव लाठी चलाने में माहिर होते हैं। संविधान की रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है और कोई संविधान के साथ गलत इरादों को लेकर छेड़छाड़ करता है तो हम लाठी चलाने से नही चूकेंगे।
बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में देवेन्द्र बोल रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि बिलासपुर की जनता ने भाजपा के जिन नेताओं को जिताकर संसद में भेजा वे सभी मूक सांसद साबित हुए। भाजपा को ताली बजाने और हाथ उठाने वाले लोगों की ही जरूरत है। सीट डाउन और स्टैंडअप के अलावा इन सांसदों को और कोई काम नहीं दिया गया। इसलिए इस बार क्षेत्र की आवाज उठाने वाले प्रत्याशी को जिताकर संसद में भेजेंगे। बिलासपुर न्यायधानी और पुराना शहर है। इस लोकसभा सीट का सांसद ऐसा हो जो मुखर होकर यहां की बात संसद में रख सकें। उन्होंने पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दरअसल साय सरकार में उन्हें ही नहीं, कई पूर्व मंत्रियों को शामिल नहीं किया है। इसलिए वे सब दुखी हैं और अपने अंदर की पीड़ा को व्यक्त नहीं कर पा रहे। मेरी उन लोगों के प्रति पूरी सहानुभूति है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को घर बैठाने की तैयारी है और उनका बोरिया-बिस्तर बांधा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में बदलाव होकर रहेगा। भाजपा जैसे सोच रही है वैसा कुछ भी नहीं है। बिलासपुर को मैं अपना कर्मभूमि मानकर आया हूं। बिलासपुर के कांग्रेसी क्रांतिकारी हैं । हमारे बीच कोई मतभेद और मनमुटाव नहीं है। हम सब एकजुट होकर लड़ेंगे।

