MP Lok Sabha Chunav 2024: भाजपा ने 10 नए चेहरों पर लगाया दांव, इनमें तीन महिलाएं भी पहली बार चुनावी मैदान में
भाजपा ने मध्य प्रदेश में महिला प्रतिनिधित्व भी बढ़ाया, 29 में से छह सीटों पर महिला को बनाया प्रत्याशी।
By Prashant Pandey
Publish Date: Solar, 31 Mar 2024 04:48 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 31 Mar 2024 05:01 PM (IST)

HighLights
- कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ के सामने भाजपा ने विवेक बंटी साहू को पहली बार लोकसभा चुनाव में उतारा है।
- नए चेहरों को जिताने के लिए पार्टी ने बड़े नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी है।
- चार सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है, ऐसे में पार्टी ने भी यहां पूरी ताकत झोंक दी है।
Madhya Pradesh Lok Sabha Election 2024 : नईदुनिया, भोपाल। भाजपा ने प्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का चेहरा साफ कर दिया है। इस चुनाव में 10 नए चेहरों पर भी पार्टी ने दांव लगाया है। तीन महिलाओं को पहली बार भाजपा में प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है। इनमें बालाघाट में भारती पारधी, सागर में लता वानखेड़े और रतलाम में अनिता नागर सिंह चौहान चुनाव लड़ रही हैं।
10 नए चेहरों में पांच ओबीसी प्रत्याशियों को मौका दिया गया है। कांग्रेस से गुना में पिछला चुनाव लड़ने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद पार्टी उन्हें गुना संसदीय सीट से ही पहली बार चुनाव लड़ा रही है। कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ के सामने भाजपा ने विवेक बंटी साहू को पहली बार लोकसभा चुनाव में उतारा है।
हालांकि, ये बात अलग है कि वे दो विधानसभा चुनाव हार चुके हैं, लेकिन पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। इधर, भाजपा ने इस बार महिला प्रतिनिधित्व भी बढ़ाया है। 29 में से छह संसदीय सीट पर महिला प्रत्याशी उतारे हैं।
नए चेहरों को जिताने बड़े नेताओं को भी सौंपी जिम्मेदारी
नए चेहरों को जिताने के लिए पार्टी ने बड़े नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी है। विवेक बंटी साहू को जिताने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और राज्य सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय छिंदवाड़ा में समय बिता रहे हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सभाएं की हैं।
यह एकमात्र ऐसी संसदीय सीट है जहां भाजपा को लंबे समय से पराजय का सामना करना पड़ रहा है। यह कमल नाथ का गढ़ माना जाता है। 2019 के लोकसभा चुनाव में 29 में 28 सीट पर विजय प्राप्त की लेकिन यहीं एक सीट थी जिसे भाजपा जीत नहीं पाई थी। अब एक बार फिर भाजपा छिंदवाड़ा को फतह करने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही है।
चुनाव प्रचार के लिए मिलेंगे महज 17 दिन
चार सीटों पर उतारे गए नए चेहरों को लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए महज 17 दिन का ही मिलेंगे। इनमें सीधी में राजेश मिश्रा, जबलपुर में आशीष दुबे, छिंदवाड़ा में विवेक बंटी साहू और बालाघाट में भारती पारधी को स्वयं और पार्टी के प्रति जनता के मन में विश्वास जगाना होगा। मंडला, शहडाेल के साथ ही इन चार सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है, ऐसे में पार्टी ने भी यहां पूरी ताकत झोंक दी है।
भाजपा के नए चेहरे
संसदीय सीट– प्रत्याशी
छिंदवाड़ा — विवेक बंटी साहू (ओबीसी)
बालाघाट — भारती पारधी (ओबीसी)
मुरैना — शिवमंगल सिंह तोमर
ग्वालियर — भरत सिंह कुशवाह (ओबीसी)
सागर — लता वानखेड़े
दमोह — राहुल लोधी (ओबीसी)
सीधी — राजेश मिश्रा
जबलपुर — आशीष दुबे
होशंगाबाद — दर्शन चौधरी (ओबीसी)
भोपाल — आलोक शर्मा
रतलाम (एसटी) — अनिता नागर सिंह चौहान


