पाकिस्तान में महंगाई और ऊर्जा संकट से आम जनता परेशान है. यहां के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में प्राकृतिक गैस की भारी कटौती और एलपीजी (LPG) सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों ने घरों के चूल्हे ठंडे कर दिए हैं.
सुबह और शाम खाना पकाते वक्त घंटों गैस नदारद रहने और बाजार में सिलेंडर के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होने के कारण स्थानीय निवासियों के लिए दो वक्त की रोटी सेंकना भी मुश्किल हो गया है. हालात ये हैं कि मजबूरन लोग अब फिर से महंगी लकड़ी और कोयला जलाकर खाना पकाने को विवश हैं.
स्थानीय मीडिया की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लोग ‘सुई गैस’ (नैचुरल गैस) की कटौती और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की ऊंची कीमतों के कारण खाना पकाने में भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. LPG की कीमत अब 600 पाकिस्तानी रुपये (PKR) प्रति किलोग्राम से भी ऊपर पहुंच गई है.
पाकिस्तान के दैनिक समाचार पत्र ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में गैस की किल्लत और भी गंभीर हो गई है. खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर और अन्य इलाकों में CNG स्टेशनों के बाहर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं. इसके अलावा, घरों में गैस की सप्लाई लगभग न के बराबर होने के कारण भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
जब तब हो रही लोड शेडिंग
पेशावर, लाहौर, इस्लामाबाद जैसे पाकिस्तान के कई शहरों में खास तौर पर सुबह के नाश्ते और रात के खाने के समय जब डिमांड ज्यादा रहती है, तब वहां SNGPL जैसी सरकारी गैस कंपनियां दिन में कई-कई घंटों तक पाइपलाइन की गैस बंद कर देती हैं. जब गैस की खपत बहुत ज्यादा बढ़ जाती है और पाइपलाइन में गैस का प्रेशर गिर जाता है, तो कंपनियों को गैस की कटौती भी करनी पड़ती है.
आम आदमी की पहुंच से बाहर LPG
अब जब गैस की सप्लाई नहीं होगी, तो लोग एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल करेंगे. इसके चलते जब एलपीजी की डिमांड बढ़ी, तो इसकी कीमतें सीधे 380 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 600 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की ही रिपोर्ट के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के ग्रामीण इलाकों में एलपीजी की कीमत 620 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है. ऐसे में इंसान करे तो क्या करें.
लकड़ी का चूल्हा बना सहारा
आलम यह है कि अब ज्यादातर लोगों ने खाना पकाने के लिए लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल शुरू कर दिया है, क्योंकि LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़कर 600 PKR प्रति किलोग्राम हो गई हैं, जबकि ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने इनकी कीमत 279 PKR प्रति किलोग्राम तय की थी.
हालांकि, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिला प्रशासन और OGRA यह सुनिश्चित नहीं कर पाए हैं कि लोगों को तय कीमतों पर LPG मिल सके. ऐसे में निजी कंपनियां ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में बढ़ी हुई कीमतों पर सिलेंडर बेच रही हैं. 11 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 6,500 PKR हो गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 25,000 PKR से भी ज्यादा की कीमत पर बेचे जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:
सिर्फ बिसलेरी नहीं, पानी बेचने वाली सभी कंपनियां नपेंगी! जांच के दायरे में सभी ब्रांड




.jpg)
