क्या रूक जाएगी रूस-यूक्रेन जंग? पुतिन के राजनयिक ने दे दिया बड़ा अपडेट, बातचीत के लिए तैयार हुआ

[ad_1]


यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने एक बार फिर शांति की पहल का संकेत दिया है. तुर्की में रूस के अंतरिम प्रभारी एलेक्सी इवानोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन के साथ शांति वार्ता के लिए किसी भी समय तैयार है. उन्होंने साफ कहा कि अगर कीव राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाए, तो बातचीत तुरंत शुरू हो सकती है. इस्तांबुल को फिर से वार्ता स्थल बनाने की संभावना पर भी चर्चा हो रही है.

मॉस्को ने कहा है कि वह यूक्रेन के साथ शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है. यह जानकारी तुर्की में रूस के अंतरिम प्रभारी एलेक्सी इवानोव के हवाले से रूसी समाचार एजेंसी TASS ने दी है.

इस्तांबुल में फिर से शुरू की जा सकती है वार्ता
इवानोव ने तुर्की में मीडिया को बताया कि रूस इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू करने के लिए तैयार है. उन्होंने याद दिलाया कि 16 मई, 2 जून और 23 जुलाई को पहले भी इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन उनका परिणाम सकारात्मक नहीं रहा.

‘हम बातचीत के लिए हमेशा खुले हैं’ – एलेक्सी इवानोव
रूसी राजनयिक ने कहा, हमने बार-बार यह दोहराया है कि रूस यूक्रेनी पक्ष और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है. हमारे तुर्की साझेदारों ने भी कहा है कि इस्तांबुल का मंच हमारे लिए खुला है, यहां दरवाजे हमेशा खुले हैं. उन्होंने आगे कहा कि यदि कीव राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाता है, तो रूस किसी भी समय वार्ता के लिए तैयार रहेगा.

पिछली बैठकों में रखे गए प्रस्ताव
इवानोव ने बताया कि पिछले दौर की वार्ताओं के दौरान रूस ने कई ठोस प्रस्ताव और पहलें रखी थीं, जिनमें तीन ऑनलाइन वर्किंग ग्रुप्स की स्थापना, कूटनीतिक बातचीत को स्थायी रूप देने के सुझाव शामिल थे.

हालांकि, उन्होंने कहा कि यूक्रेनी पक्ष ने अब तक इन पहलों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी है. गौरतलब है कि जुलाई के बाद से दोनों देशों के बीच कोई आमने-सामने की वार्ता नहीं हुई है.

रूस का दूसरा बड़ा शांति संकेत
यह हाल के दिनों में रूस की ओर से दूसरा बड़ा शांति संकेत है. इससे पहले 24 अक्टूबर को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी और रूस के विशेष दूत किरील दिमित्रियेव ने CNN को दिए इंटरव्यू में कहा था कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका अब कूटनीतिक समाधान के काफी करीब हैं. दिमित्रियेव हाल ही में अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक के लिए अमेरिका गए थे. उन्होंने कहा कि रूस केवल संघर्षविराम नहीं चाहता, बल्कि इस युद्ध का स्थायी और अंतिम समाधान चाहता है. संघर्षविराम अक्सर अल्पकालिक होते हैं.

[ad_2]