देश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब होने के साथ लोगों की चिंता भी बढ़ रही है. प्रदूषण से बचने के लिए ज्यादातर लोग घर के अंदर रहना पसंद करते हैं, लेकिन क्या घर में रहने से प्रदूषित हवा का असर नहीं होता? कई लोगों के मन में यह सवाल है कि जब बाहर AQI बहुत खराब हो तो क्या घर के अंदर भी मास्क लगाकर रखना चाहिए. जाने इस बारे में डॉक्टरों का क्या कहना है .
यह भी पढ़ें : Bed Bug Bites: खटमल के काटने से कौन सी बीमारी होती है, यह कितनी खतरनाक?
घर के अंदर मास्क कब जरूरी नहीं है?
गुरुग्राम स्थित CK बिरला हॉस्पिटल में एसोसिएट डायरेक्टर पल्मोनोलॉजी और क्रिटिकल केयर डॉ. कुलदीप कुमार ग्रोवर के मुताबिक, अगर घर के अंदर हवा की गुणवत्ता अच्छी है, तो सामान्य तौर पर मास्क पहनने की जरूरत नहीं होती. इसके लिए सबसे पहले बाहर की प्रदूषित हवा को घर में आने से रोकना जरूरी है. जब AQI बहुत खराब हो तो खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें. अगर घर में HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर लगा है और वह सही तरीके से काम कर रहा है तो यह हवा में मौजूद बारीक प्रदूषित कणों को कम करने में मदद करता है. साथ ही घर के अंदर खाना पकाने के धुएं, धूल और दूसरी चीजों से भी प्रदूषण बढ़ता है. इसलिए ऐसे काम करते हुए थोड़ी सावधानी रखें , जिनसे घर की हवा खराब होती है.
किन लोगों को घर में भी मास्क लगाने की जरूरत पड़ती है?
अस्थमा, COPD, एलर्जी और दिल से जुड़ी बीमारियों से परेशान लोगों को प्रदूषण के समय ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी खराब हवा से बचाकर रखना चाहिए, क्योंकि उन पर प्रदूषण का असर ज्यादा होता है. अगर घर के अंदर भी हवा साफ नहीं है, बाहर का धुआं लगातार अंदर आ रहा है या एयर प्यूरीफायर की सुविधा नहीं है तो अच्छी फिटिंग वाला N95 या KN95 मास्क पहनना मददगार होता है. इस बात का भी ख्याल रखें की घर में मास्क पहनना हर किसी के लिए जरूरी नहीं है. यह घर के अंदर की हवा और व्यक्ति की सेहत पर निर्भर करता है. अगर किसी को पहले से सांस की बीमारी है, तो उसे अपनी स्थिति के हिसाब से डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.
बाहर निकलते समय N95 या N99 मास्क पहनें
AQI ज्यादा खराब होने पर कोशिश करें कि घर से बाहर कम निकलें और खुले में दौड़ने या एक्सरसाइज करने से बचें. अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़ रहा है, तो अच्छी फिटिंग वाला N95 या N99 मास्क पहनें. सामान्य कपड़े के मास्क, स्कार्फ या रूमाल PM2.5 जैसे बारीक प्रदूषित कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते. डॉ. कुलदीप कुमार ग्रोवर के मुताबिक, लगातार खांसी, गले में जलन, नाक बंद होना या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर ऐसी परेशानी बनी रहती है, तो समय पर डॉक्टर से संपर्क करें. सिर्फ मास्क पहनकर इन लक्षणों को ठीक करने की कोशिश न करें.
यह भी पढ़ें : MOGENRY Therapy: मोगेनरी थैरेपी कैसे करती है काम, भारतीयों को कितना मिलेगा फायदा?
यह भी पढ़ें : *Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें*
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator





