मेडिकल की पढ़ाई का बढ़ेगा दायरा, जुड़ेंगी 75 हजार नई सीटें

मेडिकल की पढ़ाई का बढ़ेगा दायरा, जुड़ेंगी 75 हजार नई सीटें


MBBS Admission: मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने साफ कर दिया है कि केंद्र सरकार 2029 तक देश में 75,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ने के अपने टारगेट को पूरा करने के पूरी तरह तैयार है. नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के 8वें दीक्षांत समारोह और संस्थान के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उन्होंने पिछले एक दशक में देश के चिकित्सा ढांचे में हुए विस्तार के बारे में बात की.

इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे. स्वास्थ्य मंत्री ने लाल किले की प्राचीन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए की गई घोषणा का हवाला देते हुए विश्वास जताया कि तय समय सीमा के अंदर 75 हजार अतिरिक्त सीटों का यह टारगेट हर हाल में हासिल कर लिया जाएगा.

दोगुने से ज्यादा हुए मेडिकल कॉलेज

समारोह के दौरान जेपी नड्डा ने आंकड़ों के जरिए बताया कि बीते 10 वर्षों में देश के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में किस तरह का बड़ा बदलाव आया है. जेपी नड्डा ने बताया कि पहले कुल मेडिकल कॉलेज 387 थे, वहीं अब 863 हो चुके हैं. इसके अलावा एम्स की गिनती भी 23 हो गई है. वही अंडरग्रेजुएट मेडिकल सीटें पहले लगभग 51,000 थी और अब 1.43 लाख हो गई है, जबकि पीजी मेडिकल सीटें पहले 31,000 के करीब थी, जो अब 91,000 तक हो गई है. जेपी नड्डा ने इस बात पर भी विशेष जोर दिया कि मेडिकल सीट और कॉलेज की संख्या बढ़ाने की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी, लेकिन इस विस्तार की कीमत पर चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

ये भी पढ़ें-PGPWE Programme: IIM लखनऊ में वर्किंग एग्जीक्यूटिव्स MBA के लिए निकले फॉर्म, ऐसे करें आवेदन

नई सीटों के लिए बजट और वित्तीय प्रावधान

नई सीटों के विस्तार के लिए किए गए वित्तीय इंतजामों की जानकारी देते हुए नड्डा ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिसंबर 2025 में ही प्रत्येक अतिरिक्त अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सीट के निर्माण के लिए 1.5 करोड रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी थी. इस योजना के तहत 10,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें सृजित करने के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है.

युवा डॉक्टरों को भी सेवा की सीख

दीक्षांत समारोह में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से कहा कि जहां शिक्षा एक मौलिक अधिकार है, वहीं चिकित्सा पेशे में प्रवेश करने का अवसर एक ऐसा सौभाग्य है, जो समाज के प्रति गहरी जिम्मेदारी को लेकर आता है. उन्होंने युवा डॉक्टर से समर्पण, करुणा और ईमानदारी के साथ मानवता की सेवा करने का आह्वान किया. वहीं समारोह में मौजूद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नए डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि इलाज केवल दवा और ऑपरेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज की भावनाओं को समझना और उन्हें भरोसा देना भी उतना ही जरूरी है.

ये भी पढ़ें-HPSSC Recruitment: 80 भर्ती परीक्षाओं के कैंडिडेट्स के लिए गुड न्यूज, वापस मिलेगी 4.27 करोड़ की आवेदन फीस

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI