आमतौर पर पुलिस महकमे की छवि सख्त और कड़क मिजाज वाली मानी जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से खाकी वर्दी का एक ऐसा भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. यहां एक थाना प्रभारी के तबादले के बाद आयोजित विदाई समारोह में एक महिला कांस्टेबल इस कदर भावुक हो गई कि वह सबके सामने फफक-फफक कर रो पड़ी.
मामला चित्रकूट के रैपुरा थाने का है. बीते दिनों चित्रकूट पुलिस अधीक्षक ने जिले के आधा दर्जन थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया था. इसी क्रम में रैपुरा थाना प्रभारी रहे राम सिंह का तबादला भरतकूप थाने में कर दिया गया. जब रैपुरा थाने में उनके सम्मान में विदाई समारोह रखा गया, तो वहां मौजूद हर पुलिसकर्मी की आंखें नम नजर आईं.
फूल-मालाओं से हुई विदाई, गले लगकर रो पड़ी महिला कांस्टेबल
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मी अपने निवर्तमान थाना प्रभारी राम सिंह को फूल-मालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दे रहे हैं. इसी दौरान वहां तैनात एक महिला कांस्टेबल खुद को रोक नहीं पाती और आगे बढ़कर थाना प्रभारी राम सिंह के गले लगकर बच्चों की तरह फफक-फफक कर रोने लगती है.
रैपूरा थाना प्रभारी रहे राम सिंह के तबादला के बाद विदाई समारोह के दौरान एक महिला कांस्टेबल का भावुक होकर थाना प्रभारी राम सिंह से गले लगकर रोने लगी.
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) November 18, 2026
महिला सिपाही को यूं रोता देख थाना प्रभारी राम सिंह भी भावुक हो जाते हैं. वे एक बड़े भाई और अभिभावक की तरह महिला कांस्टेबल के आंसू पोंछते हैं और उन्हें गले लगाकर चुप कराते हुए भरोसा दिलाते हैं कि उन्हें आगे भी कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी. थाने के अंदर का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी भावुक हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें: AI Pandit Viral Video: AI वाले पंडित जी ने कराई पूजा, पढ़े मंत्र कराया आचमन; देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर छलक पड़े लोगों के जज्बात
इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स कमेंट सेक्शन में थाना प्रभारी राम सिंह के व्यवहार और कार्यशैली की जमकर तारीफ कर रहे हैं…
एक यूजर ने भावुक होते हुए लिखा, “इंसान चाहे जिस भी पद या कुर्सी पर बैठा हो, उसकी असली पहचान उसके रुतबे से नहीं बल्कि उसके काम करने के तरीके, व्यवहार और इंसानियत से होती है.”
दूसरे यूजर ने लिखा, “आज के समय में ऐसे अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं, जिनके जाने पर अधीनस्थ कर्मचारी परिवार के सदस्य की तरह रो पड़ें. राम सिंह जी ने वाकई अपने काम से सबका दिल जीता है.”
वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “खाकी के पीछे छिपा यह संवेदनशील और पारिवारिक रिश्ता वाकई दिल को छू लेने वाला है. ऐसे अफसर हर थाने में होने चाहिए.”
यह भी पढ़ें: आपस में भिड़ीं पापा की परियां, कपड़े फाड़े बाल नोचे, जमकर हुआ दे दनादन





