रिटायरमेंट को आमतौर पर नौकरी और जिम्मेदारियों से छुट्टी मिलने का समय माना जाता है. लेकिन बहुत से लोग ऐसे होते हैं जो रिटायरमेंट के बाद भी एक्टिव रहना चाहते हैं. किसी को आर्थिक जरूरत के चलते काम करना होता है, तो कोई अपने वर्षों के अनुभव और हुनर का इस्तेमाल करना चाहता है. कई लोग ऐसे भी हैं जो घर पर खाली बैठने के बजाय अपनी पसंद के क्षेत्र में दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं. अगर आप भी रिटायरमेंट के बाद नौकरी तलाश रहे हैं, तो केंद्र सरकार का नेशनल करियर सर्विस यानी NCS पोर्टल आपके काम आ सकता है.
यह पोर्टल केवल युवाओं या पहली नौकरी तलाशने वालों के लिए नहीं है. सरकार ने इस पर वरिष्ठ नागरिकों के दोबारा रोजगार के लिए भी विशेष पहल की है. इसके जरिए रिटायर हो चुके लोग अपनी योग्यता, अनुभव और पसंद के अनुसार उपलब्ध नौकरियों की जानकारी हासिल कर सकते हैं.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास पहल
केंद्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से संचालित नेशनल करियर सर्विस पोर्टल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इसका उद्देश्य नौकरी तलाशने वालों और रोजगार देने वाली कंपनियों को एक मंच पर जोड़ना है. इस पर सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियों के साथ जॉब फेयर, करियर काउंसलिंग, स्किल डेवलपमेंट और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए पोर्टल पर विशेष री-एम्प्लॉयमेंट पहल भी चलाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: QS Ranking 2027: QS सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में भारत का बढ़ा दबदबा, टॉप में शामिल हुआ IIT दिल्ली
कई तरह की नौकरियां तलाश सकते हैं
NCS पोर्टल पर अलग-अलग क्षेत्रों और अनुभव के आधार पर नौकरियों की जानकारी मिलती है. रिटायरमेंट के बाद नौकरी खोजने वाले लोग अपनी पिछली नौकरी और कौशल के हिसाब से विकल्प तलाश सकते हैं. जैसे बैंकिंग या अकाउंट्स में काम कर चुके लोग वित्तीय सलाह, अकाउंटिंग और संबंधित भूमिकाओं के अवसर देख सकते हैं. इसी तरह, शिक्षा क्षेत्र से रिटायर हुए लोग पढ़ाने, ट्रेनिंग देने या एजुकेशनल गाइडेंस से जुड़े काम तलाश सकते हैं. प्रशासनिक अनुभव रखने वाले लोग ऑफिस मैनेजमेंट, कंसल्टेंसी और सुपरविजन जैसी भूमिकाओं पर विचार कर सकते हैं. तकनीकी क्षेत्र में काम कर चुके लोगों के लिए प्रशिक्षण, सलाहकार और प्रोजेक्ट से जुड़े अवसर उपयोगी हो सकते हैं.
घर बैठे ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप रिटायरमेंट के बाद नौकरी तलाशना चाहते हैं, तो NCS पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर Jobseekers सेक्शन में जाकर Register विकल्प चुनें. रजिस्ट्रेशन के दौरान मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरें. अपनी शैक्षणिक योग्यता, पिछला कार्य अनुभव और कौशल से जुड़ी जानकारी दर्ज करें. प्रोफाइल पूरी करने के बाद अपनी पसंद के क्षेत्र और नौकरी की लोकेशन चुनें. इसके बाद Search for Jobs विकल्प के जरिए उपलब्ध नौकरियां देख सकते हैं. पोर्टल पर जॉब फेयर और करियर काउंसलिंग से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. NCS पोर्टल पर नौकरी तलाशने वालों से रजिस्ट्रेशन, नौकरी के लिए आवेदन या इंटरव्यू प्रक्रिया के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता.
यह भी पढ़ें: UP Board 2027 परीक्षा केंद्रों की लिस्ट जारी, 21 नवंबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI





