आईपीएल 2027 की तैयारी सभी 10 टीमों ने शुरू कर दी है. अभी फ्रेंचाइजियों के बीच ट्रेड डील के जरिए खिलाड़ियों की अदला-बदली चल रही है. अगले महीने गोवा में आईपीएल 2027 की नीलामी होगी. इससे पहले सभी 10 टीमों को 17 नवंबर तक अपने रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करनी होगी. इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिनव मुकुंद ने दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को लेकर बड़ा बयान दिया है. मुकुंद का मानना है कि फ्रेंचाइजी को एक भारतीय विकेटकीपर को टीम में लाते हुए क्विंटन डी कॉक को रिलीज कर देना चाहिए.
पंजाब किंग्स से अर्शदीप के आने से मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी लाइन-अप और मजबूत हो जाएगी, जिसमें पहले से ही जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं. आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले ईशान किशन को रिलीज किए जाने के बाद से एमआई के पास अब कोई अनुभवी भारतीय विकेटकीपर नहीं है. उनके पास क्विंटन डि कॉक और रियान रिकल्टन के रूप में दो विदेशी विकेटकीपर हैं.
मुकुंद ने जियोस्टार से कहा, “अगर हार्दिक किसी दूसरी टीम में जाते हैं, तो यह सभी पक्षों के लिए फायदेमंद सौदा होगा. जहां तक मुंबई इंडियंस की बात है, तो मेरे हिसाब से उनकी टीम में बस एक भारतीय विकेटकीपर की कमी थी. यह उनके लिए एक बड़ी कमी थी, क्योंकि उन्हें अपने टॉप-7 बल्लेबाजों में रियान रिकल्टन या क्विंटन डि कॉक में से किसी एक को खिलाना ही पड़ता था. मुझे पता है कि रिकल्टन शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन इससे तिलक वर्मा को नीचे के क्रम में खेलना पड़ता है. साथ ही, इससे आपके पास शरफेन रदरफोर्ड और विल जैक्स दोनों को एक साथ खिलाने का विकल्प भी नहीं बचता. इसलिए, चार विदेशी खिलाड़ियों के कोटे में एक विदेशी स्पिनर और एक विदेशी विकेटकीपर को फिट करना काफी उलझन भरा काम था.”
मुंबई ने आईपीएल 2026 की नीलामी में डिकॉक को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछले सीजन में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और वे सिर्फ तीन मैच ही खेल पाए. उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि उन्हें बहुत महंगी कीमत पर नहीं खरीदा गया था, लेकिन मैं क्विंटन डिकॉक को सिर्फ इसलिए रिलीज कर दूंगा ताकि विदेशी खिलाड़ियों के कोटे में जगह खाली हो सके, और अगर आपको किसी और खिलाड़ी की जरूरत पड़े तो आप उसे ले सकें.”
यह भी पढ़ें-
‘मैंने पापा से वादा किया था’, सहवाग के बेटे ने 160 रनों की पारी खेलने के बाद खोला राज





