Hidden Camera: छुट्टियों में घूमने जाना हो या फिर ऑफिस के किसी काम से बाहर जाना हो ठहरने के लिए होटल में कमरा तो बुक करना ही पड़ता है. लेकिन पिछले कुछ समय से ऐसी कई खबरें सामने आई हैं जहां होटल के कमरों और बाथरूम में खुफिया कैमरे यानी हिडन कैमरे पकड़े गए हैं. टेक्नोलॉजी के इस दौर में स्पाई कैमरे अब इतने छोटे हो चुके हैं कि उन्हें बल्ब के होल्डर, दीवार घड़ी, स्मोक डिटेक्टर, टीवी के सेट-टॉप बॉक्स या फिर चार्जर के सॉकेट में आसानी से छिपाया जा सकता है.
इंसान की नंगी आंखों से इन्हें पकड़ पाना लगभग नामुमकिन होता है. ऐसे में अपनी और अपने परिवार की प्राइवेसी को लेकर होटलों में ठहरने को लेकर डर लगना जायज है. इसलिए अगर आप किसी होटल में कमरा बुक करके ठहरते हैं तो खुदसे चेक कर सकते हैं कहीं कोई हिडन कैमरा है या नहीं इन कैमरों को पकड़ने के लिए किसी महंगी मशीन नहीं लगेगी बल्कि आपके स्मार्टफोन से ही यह काम आसानी से हो जाएगा. जान लें कैसे क्या करना होगा.
फोन के कैमरे और फ्लैशलाइट का करें इस्तेमाल
ज्यादातर हिडन कैमरे अंधेरे में रिकॉर्डिंग करने के लिए इन्फ्रारेड यानी IR लाइट का इस्तेमाल करते हैं. यह लाइट इंसानी आंखों को तो नहीं दिखती लेकिन स्मार्टफोन का कैमरा इसे तुरंत पकड़ लेता है. इसे चेक करने के लिए सबसे पहले होटल के कमरे की सारी लाइटें बंद कर दें और पर्दे लगाकर बिल्कुल अंधेरा कर लें. अब अपने फोन का कैमरा ऑन करें और कमरे के हर कोने, एसी वेंट, टीवी और घड़ी की तरफ घुमाकर स्क्रीन पर देखें.
अगर स्क्रीन पर कहीं भी लाल, बैंगनी या सफेद रंग का कोई छोटा सा चमकता हुआ डॉट नजर आए तो समझ जाएं कि वहां कैमरा छिपा हो सकता है. ध्यान रखें कि कई iPhone के बैक कैमरे में IR फिल्टर लगा होता है. इसलिए अगर बैक कैमरे से कुछ न दिखे तो सेल्फी कैमरे का इस्तेमाल करें. इसके अलावा, अंधेरे कमरे में फोन की फ्लैशलाइट जलाकर शक वाली जगहों पर मारें. अगर कहीं कैमरा लेंस होगा, तो उस पर लाइट पड़ते ही कांच जैसा तेज नीला या सफेद रिफ्लेक्शन चमकेगा.

Wi-Fi और ब्लूटूथ नेटवर्क स्कैनिंग से चेक करें
आजकल के ज्यादातर मार्डन स्पाई कैमरे लाइव फुटेज भेजने के लिए कमरे के Wi-Fi नेटवर्क से कनेक्ट रहते हैं. इसे पकड़ने का सबसे आसान तरीका यह है कि आप होटल के Wi-Fi से अपने फोन को कनेक्ट करें. इसके बाद आप Fing जैसे किसी भरोसेमंद नेटवर्क स्कैनर ऐप की मदद ले सकते हैं या फिर फोन की Wi-Fi सेटिंग्स में जाकर एडवांस ऑप्शन चेक कर सकते हैं. यह ऐप आपको तुरंत बता देगा कि उस एक Wi-Fi राउटर से आपके फोन और होटल के स्मार्ट टीवी के अलावा और कौन-कौन से डिवाइस जुड़े हुए हैं.
अगर लिस्ट में आपको कोई अनजान डिवाइस या IP Camera जैसा कोई नाम दिखाई दे तो तुरंत सतर्क हो जाएं. इसके साथ ही अपने फोन की Wi-Fi और ब्लूटूथ लिस्ट को भी रिफ्रेश करके देखें. कई बार सस्ते वायरलेस कैमरे अपना खुद का एक अजीब से नाम वाला नेटवर्क या हॉटस्पॉट बनाते हैं जो आपकी अवेलेबल नेटवर्क लिस्ट में दिखाई दे सकता है.

यह भी पढ़ें: PC Buying Tips: AI PC खरीदने जा रहे, Snapdragon, Ryzen AI और Intel Ultra में क्या अंतर?
कमरे के शीशे और बाकी जगहों को ऐसे चेक करें
टेक्नोलॉजी के अलावा थोड़ा सा कॉमन सेंस और फोन की स्क्रीन ब्राइटनेस भी आपको बड़े खतरे से बचा सकती है. कई बार बाथरूम या चेंजिंग रूम में टू-वे मिरर यानी आर-पार दिखने वाला शीशा लगा होता है. जिसके पीछे कैमरा फिट किया जा सकता है. इसे चेक करने के लिए शीशे पर अपनी उंगली रखें. अगर आपकी उंगली और शीशे में दिख रही उंगली की परछाई के बीच थोड़ा सा गैप है तो वह असली शीशा है.
लेकिन अगर दोनों उंगलियां आपस में बिल्कुल चिपक रही हैं तो गड़बड़ हो सकती है. आप शीशे से सटाकर अपने फोन की फ्लैशलाइट भी जला सकते हैं जिससे दूसरी तरफ का हिस्सा साफ दिखने लगेगा. इसके अलावा बेड के ठीक सामने रखे डेकोरेशन आइटम, फालतू पड़े चार्जर, पावर बैंक या अजीब जगह लगे स्मोक डिटेक्टर को पास से देखें. अगर आपको कहीं भी कोई संदिग्ध कैमरा या तार मिलता है तो उसे छेड़ने के बजाय तुरंत उसकी फोटो खींचें और होटल मैनेजमेंट को इसकी जानकारी दें.
यह भी पढ़ें: GaN Charger: नॉर्मल चार्जर से कितना अलग है GaN चार्जर? जानें फोन के लिए कौन सा है बेस्ट





