Ambikapur crime Information : महिला को छेड़ने की बात पर ग्रामीण ने भांजे की हत्या की
Ambikapur crime Information : होली के दिन रामानुजनगर थाना क्षेत्र में महिला को छेड़ने की बात पर हुए विवाद से आक्रोशित अधेड़ ग्रामीण ने अपने ही घर में रिश्ते के भांजे पर टांगी से प्राण घातक हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद फरार आरोपित को रामानुजनगर पुलिस ने बुधवार को सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
By Anang Pal Dixit
Publish Date: Wed, 27 Mar 2024 11:30 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 27 Mar 2024 11:30 PM (IST)

नईदुनिया न्यूज सूरजपुर। होली के दिन रामानुजनगर थाना क्षेत्र में महिला को छेड़ने की बात पर हुए विवाद से आक्रोशित अधेड़ ग्रामीण ने अपने ही घर में रिश्ते के भांजे पर टांगी से प्राण घातक हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद फरार आरोपित को रामानुजनगर पुलिस ने बुधवार को सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक बार फिर शराब के नशे ने एक जान ले ली।
सोमवार की रात को रामानुजनगर थाना क्षेत्र में जगलाल सिंह पिता स्वर्गीय अतिबल गोंड़ 58 वर्ष ने पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्ते के भांजे मोतीलाल पिता स्वर्गीय जयलाल सिंह गोंड़ 42 वर्ष को अपने घर खाने पर बुलाया था। देर शाम को मोतीलाल अपनी पत्नी भगमानिया के साथ उसके घर गया था। जगलाल सिंह के घर में दोनो बैठकर शराब सेवन करने लगे। उसकी पत्नी खाना खाकर वापस घर आ गई थी। इसी बीच दोनो में कहासुनी व गाली गलौज होने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित जगलाल ने घर मे रखी टांगी से मोतीलाल की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में खून से लथपथ मोतीलाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित जगलाल फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर टीआई प्रकाश सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंगलवार को पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मामले में फरार आरोपित जगलाल सिंह के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी थी। बुधवार को सुबह मुखबिर की सूचना पर इस टीम ने रामानुजनगर बस स्टैंड में घेराबंदी कर आरोपित जलाल सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, सहायक उप निरीक्षक मनोज पोर्ते सक्रिय रहे।

