Lok Sabha Chunav 2024: मध्य प्रदेश में पहले चरण में छह सीटों पर चुनाव, छिंदवाड़ा में नकुल नाथ से भिड़ेंगे भाजपा के बंटी साहू

First Section Lok Sabha Election in MP: पहले चरण के चुनाव में प्रदेश की सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर, बालाघाट लोकसभा सीटें शामिल हैं।

By Prashant Pandey

Publish Date: Wed, 27 Mar 2024 07:32 PM (IST)

Up to date Date: Wed, 27 Mar 2024 07:42 PM (IST)

Lok Sabha Chunav 2024: मध्य प्रदेश में पहले चरण में छह सीटों पर चुनाव, छिंदवाड़ा में नकुल नाथ से भिड़ेंगे भाजपा के बंटी साहू
मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव 2024

HighLights

  1. सीधी में भाजपा के बागी अजय प्रताप सिंह गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से मैदान में।
  2. पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया हुई पूरी, गुरुवार को होगी जांच।
  3. मतदान 19 अप्रैल और मतगणना पांच जून को होगी।

First Section Lok Sabha Election in MP: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। इस चरण में हाई प्रोफाइल सीट छिंदवाड़ा भी शामिल है। यहां कांग्रेस के नकुल नाथ से भाजपा के विवेक बंटी साहू का मुकाबला होगा। यह सीट इन दिनों कांग्रेस से भाजपा में हो रहे दलबदल को लेकर खासी चर्चा में है।

इसके अलावा पहले चरण के चुनाव में मध्य प्रदेश की सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर, बालाघाट लोकसभा सीटें शामिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच गुरुवार को होगी। 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 19 अप्रैल और मतगणना पांच जून को होगी। सीधी सीट से भाजपा के बागी अजय प्रताप सिंह गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से मैदान में हैं। सीधी में भाजपा के डा.राजेश मिश्रा और कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल मैदान में हैं। दोनों पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।

चर्चा में कमल नाथ और छिंदवाड़ा सीट

लोकसभा चुनाव का पहला चरण आरंभ होते ही मध्य प्रदेश में सबसे अधिक चर्चा कमल नाथ और छिंदवाड़ा को लेकर है। छिंदवाड़ा सीट पर नाथ परिवार का कब्जा पिछले 44 वर्ष से है। पांच वर्ष पहले से ही इस सीट को जीतने के लिए भाजपा ने प्रयास आरंभ कर दिए थे। वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।

naidunia_image

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के भरोसेमंद पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने भी कांग्रेस के सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। बुधवार को ऐसी अटकलें थीं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल समेत वरिष्ठ नेता उनके घर भी पहुंचे लेकिन मामला जमा नहीं, बाद में भाजपा ने इसे सौजन्य भेंट बताया।

प्रत्याशी हैं नकुल पर कमल नाथ की प्रतिष्ठा दांव पर

छिंदवाड़ा में भले ही कांग्रेस से नकुल नाथ लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं पर प्रतिष्ठा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की दांव पर लगी है। यही एक मात्र सीट ऐसी है जो पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी। कांग्रेस की इस परंपरागत सीट पर जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं को दायित्व सौंपा है। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद सिंह पटेल लगातार दौरे कर रहे हैं। उधर, कमल नाथ ने मोर्चा संभाला है। वह अभी तक दो बार सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुके हैं।

मंडला से केंद्रीय मंत्री कुलस्ते का मुकाबला कांग्रेस के मरकाम से

मंडला में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के सामने कांग्रेस के ओमकार सिंह मरकाम होंगे। दोनों के 2014 के लोकसभा चुनाव में भी आमने-सामने आ चुके हैं। कुलस्ते को हाल ही में विधानसभा चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा था इसलिए इस चुनाव में कड़ा संघर्ष होने की संभावना है।

वहीं, शहडोल में भाजपा की हिमाद्री सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को हैं तो बालाघाट और जबलपुर में भाजपा और कांग्रेस ने नए चेहरों पर दांव लगाया है। बालाघाट में भाजपा ने भारती पारधी और कांग्रेस ने सम्राट सिंह सरस्वार, जबलपुर में भाजपा ने आशीष दुबे और कांग्रेस ने दिनेश यादव को प्रत्याशी बनाया है।

  • ABOUT THE AUTHOR

    नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014