‘छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ’, दिलजीत दोसांझ के CJP पर निशाना साधने के बाद बोले अभिजीत दिपके

‘छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ’, दिलजीत दोसांझ के CJP पर निशाना साधने के बाद बोले अभिजीत दिपके


शुक्रवार को दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट के दौरान, पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने मंच से ‘कॉकरोच जनता पार्टी'(सीजेपी) पर तीखा हमला बोला था. इसके जवाब में अब सीजेपी के अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने इस विवाद को खत्म करने का प्रस्ताव रखा है. दिपके ने जून में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान दिलजीत की चुप्पी और गोलमोल जवाब देने के लिए उनकी आलोचना की थी. 

दिलजीत के बयान पर अभिजीत दिपके ने किया रिएक्ट
शुक्रवार देर रात, अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर दिलजीत दोसांझ के लिए एक नोट शेयर किया. इस नोट में उन्होंने बताया कि उन्होंने दिलजीत की आलोचना क्यों की थी.दिपके ने लिखा, “पाजी, जून में जब हम विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके कमेंट से मुझे थोड़ी ठेस पहुंची थी. ऐसा इसलिए नहीं कि मुझे आपसे पर्सनली कोई दिक्कत थी,बल्कि इसलिए क्योंकि मैंने हमेशा आपको एक ऐसे इंसान के रूप में देखा है जो किसी मुद्दे के सपोर्ट में आवाज उठाता है, जैसा कि आपने खुद भी कहा था.”

 

दिलजीत के फैन हैं अभिजीत दिपके
अपनी पोस्ट में, सीजेपी अध्यक्ष ने इस साल की शुरुआत में दिलजीत के कॉन्सर्ट की अपनी एक तस्वीर भी शेयर की और कहा कि वह हमेशा से उनके फैन रहे हैं. उन्होंने आगे लिखा, “सच कहूं तो, मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है. मैं आज भी आपका म्यूजिक सुनता हूं. असल में, इस साल मई में भारत लौटने से ठीक पहले, मैं शिकागो में आपके कॉन्सर्ट में गया था. वहां मैं सिर्फ आपके म्यूजिक के लिए नहीं गया था, बल्कि इसलिए भी गया था क्योंकि आप जिस तरह के इंसान हैं, उनके लिए मेरे मन में हमेशा से बहुत सम्मान रहा है.

आपका साहस, आपकी सच्चाई, और जिस तरह से आप अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को ग्लोबल मंच पर ले गए हैं, ये ऐसी बातें हैं जिनकी मैं हमेशा से तारीफ करता आया हूं. शायद इसीलिए आपके उस कमेंट से मुझे थोड़ी ठेस पहुंची थी, क्योंकि मैं हमेशा से आपकी बहुत रिस्पेक्ट  करता रहा हूं. लेकिन एक असहमति या गलतफहमी की वजह से, आपके लिए मेरे मन में जो सम्मान और तारीफ है, वह कम नहीं हो जाती”

‘छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ’
खुद को दिलजीत का ‘छोटा भाई’ बताते हुए, दिपके ने आगे कहा, “बाकी पाजी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ .” इसके बाद उन्होंने दिलजीत के गाने ‘GOAT’ की एक लाइन लिखी, जिसमें दोस्तों और दुश्मनों दोनों के साथ अच्छे बर्ताव की बात कही गई है.दिपके ने आगे लिखा,  “और आखिर में मैं बस इतना कहना चाहूंगा, ‘गबरू ता वैरी नू वी मीठा बोलदा, नी तू ता फेर जट्ट दा प्यार गोरिये’”

दिलजीत दोसांझ ने सीजेपी पर साधा था निशाना
बता दें कि जून में हुए स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट को लेकर दिलजीत दोसांझ ने कोई रिएक्शन नहीं दिया था और कहा था, “मैं बस एक आर्टिस्ट हूं.”इसके लिए दिलजीत की सीजेपी ने काफी आलोचना की थी. वहीं अब दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान इसी ट्रोलिंग का जवाब देते हुए दिलजीत दोसांझ ने सीजेपी पर इनडायरेक्टली निशाना साधा. सिंगर ने कहा, “मैं आप सभी से प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई। मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो. मैं आप सभी का सपोर्ट करता हूं. लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि लड़ते कैसे हैं.” इसके बाद उन्होंने सतलुज फिल्म से जुड़ी टिप्पणियों का जिक्र किया और मंच से ही उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जिन्होंने इस बात का मजाक उड़ाया था.