Highlights: गेंदबाजों के बाद भारत के बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन, NZ ने जीता चौथा टी20


न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 में भारत को 87 रनों से हरा दिया है. ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए इस मैच में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. ग्लेन फिलिप्स (107) के शानदार शतक और माइकल ब्रेसवेल (65) के अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 260 रनों का लक्ष्य रखा था. न्यूजीलैंड ने टी20 इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर (259) किया था. भारत के गेंदबाजों का प्रदर्शन खराब रहा, नितीश कुमार रेड्डी ने 16 की इकॉनमी से रन लुटाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के टॉप आर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन भी शर्मनाक रहा, पहले ही ओवर में 2 विकेट गिरने से काफी दबाव आ गया था. नमन धीर की पारी से जैसे तैसे भारत 100 का आंकड़ा पर कर पाया. 20 ओवर में टीम 172 रन बना सकी और न्यूजीलैंड ने 87 रनों से इस मुकाबले को जीत लिया.

260 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बहुत खराब हुई थी, पहले ही ओवर में टीम के 2 विकेट गिर गए थे. जैकब डफी ने पहले ओवर में संजू सैमसन (4) और ईशान किशन (0) को आउट किया. 4 पर 2 विकेट गिरने के बाद अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर के बीच अच्छी साझेदारी हुई, लेकिन ये बड़ी नहीं हो सकी. दोनों ने 46 रन जोड़े और पांचवें ओवर में अभिषेक शर्मा 27 रन बनाकर आउट हो गए.

पॉवरप्ले में भारत ने चौथा विकेट कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में गंवाया, जिन्होंने 11 गेंदों में 22 रन बनाए. 86 के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा, नितीश कुमार रेड्डी 10 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए. मिचेल सैंटनर ने अक्षर पटेल को आउट किया, जो भारत का छठा विकेट था. नमन धीर ने 13 गेंदों में 28 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 2 छक्के और इतने ही चौके लगाए.

तिलक वर्मा ने 35 गेंदों में 35 रन बनाए. प्रिंस यादव 18 रन बनाकर नाबाद रहे और 20 ओवर में भारत का स्कोर 9 विकेट पर 172 रन रहा. भारत लक्ष्य से 88 रन दूर रह गया, न्यूजीलैंड ने 87 रनों से इस मुकाबले को जीत लिया.

ग्लेन फिलिप्स ने जड़ा शतक, न्यूजीलैंड ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर!

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी. टिम सेफर्ट 3 रन बनाकर पहले ही ओवर में मयंक यादव का शिकार हो गए थे. इसके बाद डेरिल मिशेल 24 रन बनाकर आउट हो गए. फिन एलन और ग्लेन फिलिप्स के बीच एक अच्छी साझेदारी हुई, जिसे अक्षर पटेल ने तोड़ा. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़े, पटेल ने एलन (31) को आउट किया. इसके बाद आए बेवॉन जैकब्स 7 रन बनाकर आउट हो गए. 

112 पर 4 विकेट गिरने के बाद आए माइकल ब्रेसवेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 200 पार पहुंचाया. ब्रेसवेल ने 25 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौकों की मदद से 65 रन बनाए.

ग्लेन फिलिप्स ने इस सीरीज में एक और शानदार पारी खेली, उन्होंने शतक जड़ा. फिलिप्स ने 49 गेंदों में 10 छक्के और 6 चौकों की मदद से 107 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए, जो अब टी20 इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा टोटल बन गया है.

कैसी रही भारत की गेंदबाजी

मयंक यादव ने भारत के लिए सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जिन्होंने 4 ओवर में 48 रन दिए. सबसे महंगे नितीश कुमार रेड्डी रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 16 की इकॉनमी से 64 रन लुटाए, उनके खाते में 1 विकेट आया. प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 49 रन देकर 1 विकेट लिया. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38 रन दिए और 1 विकेट लिया. अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 43 रन दिए और 1 विकेट लिया.

भारत की प्लेइंग 11 

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव.

न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11

फिन एलन, टिम सेफर्ट (विकेट कीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवॉन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नेथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैट फिशर.