Shahdol Crime : तीन दिन से लापता युवक की कुएं में मिली लाश, स्वजनों ने कहा- की गई हत्या
Shahdol Crime : थाना प्रभारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा, मामले की हर तरीके से पुलिस जांच कर रही है।
By Dheeraj kumar Bajpai
Publish Date: Wed, 27 Mar 2024 12:44 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 27 Mar 2024 12:44 PM (IST)

HighLights
- घर से 4 किलोमीटर की दूर पड़ा था शव।
- स्थानीय लोगों ने जानकारी पुलिस को दी है।
- होलिका दहन करने की बात कहकर गया था।
Shahdol Crime : नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के गुर्रा गांव में संदिग्ध अवस्था में कुएं में युवक की लाश मिली है। युवक की पहचान राजू सिंह निवासी लफदा के रूप में हुई है।मृतक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। जिसका शव बुधवार की सुबह गुर्रा गांव के एक कुएं में मिला है। थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड ने बताया कि संदिग्ध अवस्था में लाश पाई गई है। मामले पर फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा, मामले की हर तरीके से पुलिस जांच कर रही है।
होलिका दहन के लिए निकला था, वापस नहीं लौटा
जैतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि गुर्रा गांव के कुएं में राजू सिंह का शव मिला है।स्थानीय लोगों ने शव को कुएं में देखकर मामले की जानकारी पुलिस को दी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने बताया कि मृतक घर से पिछले तीन दिनों से लापता था। होलिका दहन करने के बहाने वह घर से निकला था जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। लगातार परिजन आस पड़ोस व रिश्तेदारी में युवक का पता लग रहे थे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था। पुलिस को भी मामले की जानकारी परिजनों के द्वारा दी गई थी।
मामले पर फिलहाल मर्ग कायम किया गया है
पुलिस भी युवक की तलाश कर रही थी, तभी बुधवार की सुबह घर से चार किलोमीटर की दूरी पर गुर्रा गांव में स्थित एक कुएं में संदिग्ध अवस्था में उसकी लाश पाई गई है। जानकारी के बाद पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या कर उसकी लाश कुएं में फेंक दी गई है।


