मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. अपनी पत्नी अवंतिका के साथ एक खेल के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग उन पर बुरी तरह भड़क गए हैं. सौरव ने अपनी पत्नी को उनके पालतू कुत्ते के कटोरे से पानी पीने की चुनौती (Dare) दे डाली. हद तो तब हो गई जब मना करने के बावजूद अवंतिका को कुत्ते के कटोरे से पानी पीना ही पड़ा, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मजाक-मजाक में दे दी घिनौनी चुनौती
यूट्यूब पर 4.2 करोड़ (42.2 Million) से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले सौरव जोशी अपनी पत्नी अवंतिका और दोस्तों के साथ ‘ट्रूथ या डेयर’ (Truth or Dare) का खेल खेल रहे थे. बोतल घूमने पर जब वह अवंतिका पर रुकी, तो सौरव ने उनसे पालतू कुत्ते के बर्तन से पानी पीने को कहा. यह सुनकर अवंतिका पहले तो सन्न रह गईं और साफ मना कर दिया.
मना करने पर भी नहीं माने सौरव, कटोरी उठाकर पास ले आए
सौरव जोशी इस जिद पर अड़े रहे कि अवंतिका को यह चुनौती पूरी करनी ही पड़ेगी. वह खुद उठकर गए, कुत्ते का कटोरा उठाया और अवंतिका के पास लाकर बोले कि बस एक छोटा सा घूंट ही तो पीना है. आखिरकार अवंतिका ने वह कटोरा हाथ में लिया और पानी की एक चुस्की ली, लेकिन घूंट भरते ही उनके चेहरे पर अजीब सी घिन और असहजता साफ झलकने लगी.
यह भी पढ़ें: फेक टोल मनी मांगने पहुंचा शख्स, ड्राइवर ने कर दी बोलती बंद
फैंस का फूटा गुस्सा, लोग बोले- “यह मजाक नहीं, घटिया हरकत है”
भले ही सौरव ने यह सब खेल-खेल में किया हो, लेकिन वीडियो देखने वालों को उनका यह अंदाज बिल्कुल पसंद नहीं आया. सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. एक यूजर ने लिखा…”जानवरों के बर्तन से इंसान को पानी पिलाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है, थोड़ा तो दिमाग लगाना चाहिए था.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया…”चाहे यह वीडियो स्क्रिप्टेड ही क्यों न हो, अपनी पत्नी से ऐसी अपमानजनक हरकत करवाना बहुत गलत है.” वहीं एक और यूजर ने कहा… “एक पढ़ी-लिखी महिला सिर्फ व्यूज और ड्रामे के लिए ऐसी घटिया हरकत के लिए तैयार कैसे हो गई.”
यह भी पढ़ें: ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल





