20 ओवर में 300…, भारत-वेस्टइंडीज सीरीज पर संजय मांजरेकर का हैरान करने वाला बयान


भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में बल्लेबाजों का बोलबाला रहा है. अभी तक खेले गए 4 में से 3 मैचों में दोनों टीमों ने ही 200 से अधिक रन बनाए. इस दौरान हमने 250 रनों का ऐतिहासिक चेज भी देखा. शे होप 2 शतक लगा चुके हैं. कोई भी ग्राउंड हो, पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही. अब 20 ओवरों के इस खेल में 250 का स्कोर भी बड़ा नहीं लगता, जबकि पहले 50 ओवरों के खेल में इतना स्कोर बनता था. इसमें अब बल्लेबाज ज्यादा निडर होकर खेलते हैं, लेकिन पिचों और खेल के नए नियमों के कारण भी ऐसा हुआ है. इसी को लेकर संजय मांजरेकर ने तंज कसा है.

पहले टी20 में वेस्टइंडीज ने 172 का लक्ष्य रखा था, जिसे भारत ने 14.4 ओवरों में हासिल कर लिया था. इसके बाद भारत ने 249 रन बनाए, वेस्टइंडीज ने 9 गेंद शेष रहते 250 का लक्ष्य हासिल कर लिया. तीसरे टी20 में भारत ने 223 रन बनाए, वेस्टइंडीज 209 तक पहुंच गई. चौथे टी20 में वेस्टइंडीज ने 247 रन बनाए, जिसका पीछा करते हुए भारत 223 रन बना पाई. कुल मिलाकर यहां गेंदबाजों के लिए बहुत ज्यादा मदद नहीं रही है. हालांकि संजय मांजरेकर ने डायरेक्ट पिच या नियमों की आलोचना नहीं की, लेकिन उन्होंने तंज कसते हुए इस पर सवाल उठाए हैं.

संजय मांजरेकर ने क्या लिखा

पूर्व क्रिकेटर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “मुझे सही में ऐसा लगता है कि पिचों को और फ्लैट बनाने, बाउंड्री छोटी करने और गेंदबाजों के खिलाफ और नियम लाने की गुंजाइश है… ताकि हम 20 ओवरों में लगातार 300 रन बना सकें.”

बेंगलुरु में है निर्णायक मैच

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और निर्णायक मैच शनिवार, 17 अक्टूबर को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में है. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल पर होगा. जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.

यह भी पढ़ें- WI के खिलाफ पांचवां टी20 खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? BCCI ने बदला स्क्वॉड