घर पर कैसे बनाएं बाजार जैसा चिली पोटेटो? कमाल की है यह रेसिपी

घर पर कैसे बनाएं बाजार जैसा चिली पोटेटो? कमाल की है यह रेसिपी


बाजार में मिलने वाले चिली पोटेटो का चटपटा और कुरकुरा स्वाद हर किसी को पसंद आता है. बाहर से क्रिस्पी आलू और ऊपर से तीखी-मीठी सॉस इस डिश को खास बनाती है. अगर आपका भी कुछ मसालेदार खाने का मन है, तो इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए आपको कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत होगी. आइए जानते हैं बाजार जैसा चिली पोटेटो बनाने की आसान रेसिपी.

चिली पोटेटो बनाने के लिए सामग्री

चिली पोटेटो बनाने के लिए 3-4 मध्यम आकार के आलू, 3 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर, 1 बड़ा चम्मच मैदा, 1 प्याज, 1 शिमला मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1 बड़ा चम्मच सोया सॉस, 1 बड़ा चम्मच चिली सॉस, 1 बड़ा चम्मच टोमैटो सॉस और आधा छोटा चम्मच सिरका लें. इसके अलावा नमक, काली मिर्च, तेल, तिल और हरा प्याज भी रखें.

आलू को कुरकुरा कैसे बनाएं ?

सबसे पहले आलू छीलकर लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें. इन्हें पानी से धोकर कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें. अब आलू में कॉर्नफ्लोर, मैदा, नमक और काली मिर्च मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर आलू पर हल्की परत बना लें. कड़ाही में तेल गर्म करें और आलू को सुनहरा होने तक तल लें. ज्यादा कुरकुरापन पाने के लिए इन्हें कुछ देर बाद दोबारा गर्म तेल में तले. इसके बाद आलू निकालकर अलग रख दें.

चटपटी सॉस तैयार करें

एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भूनें. अब कटे प्याज और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर एक-दो मिनट पकाएं. इसके बाद सोया सॉस, चिली सॉस, टोमैटो सॉस और सिरका डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए नमक और काली मिर्च भी मिला सकते हैं.

यह भी पढ़ें : कैसे बनाएं पीएम मोदी के पसंदीदा मोरिंगा के पराठे? जानें आसान रेसिपी

चिली पोटेटो को बाजार जैसा बनाने की जरूरी  टिप

आलू तलने से पहले उन्हें अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. इससे वे ज्यादा कुरकुरे बनते हैं. तले हुए आलू सॉस में तभी मिलाएं, जब परोसने का समय हो. इससे वे जल्दी नरम नहीं होंगे. आप अपने स्वाद के अनुसार चिली सॉस की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं. अब तैयार सॉस में तले हुए आलू डालें और तेज आंच पर जल्दी-जल्दी मिलाएं, ताकि सॉस आलू पर अच्छी तरह चिपक जाए. ऊपर से तिल और बारीक कटा हरा प्याज डालकर सजाएं और गरम गरम परोसे. 

यह भी पढ़ें : Golgappa Pani: घर में कैसे बनाएं गोलगप्पे का जायकेदार पानी? यहां जानें पूरा तरीका