Ambikapur Information : घर की छत से गिरकर कांग्रेस के पूर्व पार्षद की मौत, तेज ओलावृष्टि के दौरान हुई घटना
होली पर्व के दिन निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
By Asim Sen Gupta
Publish Date: Tue, 26 Mar 2024 11:37 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 26 Mar 2024 11:37 AM (IST)

HighLights
- कांग्रेस के पूर्व पार्षद होली खेल कर लौटे थे अपने घर।
- छत पर टहल रहे थे दोपहर का समय था। तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि होने लगी
- इसी दौरान उनका पैर फिसला और लगभग 25 फीट नीचे सीधे सड़क पर गिर गए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। होली खेलकर वापस अपने घर लौटे अंबिकापुर के कांग्रेस के पूर्व पार्षद रामेश्वर तिर्की अपने घर की दो मंजिला छत से गिर गए। परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना होली के दिन रविवार को लगभग तीन बजे की है। दोस्तों के साथ होली खेल कर अपने पटपरिया स्थित निवास पर पहुंचे पूर्व पार्षद रामेश्वर तिर्की घर की छत पर टहलने गए और इसी दौरान तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि होने लगी। हड़बड़ा कर छत से भागने लगे।
इसी दौरान उनका पैर फिसला और लगभग 25 फीट नीचे सीधे सड़क पर गिर जाने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई। परिवार के लोगों ने उन्हें तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रामेश्वर तिर्की नगर निगम में पिछले कार्यकाल में कांग्रेस के पार्षद थे। 50 वर्षीय रामेश्वर तिर्की पटपरिया वार्ड से पार्षद चुने के जाने के बाद काफी सक्रिय भी रहे और लोगों की समस्याओं को निपटाने में भी हमेशा सक्रिय रहते थे। होली पर्व के दिन निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। होली की खुशियां दुख में तब्दील हो गईं हैं। उनकी पत्नी शासकीय सेवा में है। उनका अंतिम संस्कार गड़ईपारा मेंड्राकला में आज दोपहर में किया जाएगा।


