Swiggy डिलीवरी बॉय से रेस्टोरेंट मालिक बना शख्स, वायरल हुई कहानी

Swiggy डिलीवरी बॉय से रेस्टोरेंट मालिक बना शख्स, वायरल हुई कहानी


कहते हैं कि अगर इंसान के हौसले बुलंद हों और मेहनत करने का जज्बा सच्चा हो, तो कोई भी मुश्किल मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती. सोशल मीडिया पर इन दिनों बेंगलुरु के एक युवा बिजनेसमैन की कहानी जमकर वायरल हो रही है, जिसने कभी सड़कों पर घूम-घूमकर लोगों के घरों तक खाना पहुंचाया और आज उसी शहर में खुद का एक मशहूर सीफूड रेस्टोरेंट चला रहा है.

9 साल पुरानी यादें और एक डिलीवरी बॉय की झिझक

यह कहानी है कौशिक खारवी की. लगभग 9 साल पहले कौशिक अपनी जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. उस वक्त अपना गुजारा चलाने और हालातों से लड़ने के लिए उन्होंने स्विगी (Swiggy) में एक पार्ट-टाइम डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करना शुरू किया. गूगल फोटोज ने जब उन्हें 9 साल पुरानी तस्वीरें और स्विगी का आईडी कार्ड याद दिलाया, तो कौशिक ने अपनी यह संघर्ष भरी कहानी इंस्टाग्राम पर शेयर की. उन्होंने बताया कि उन दिनों वे दोस्तों से छिपकर डिलीवरी करते थे क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं लोग उन्हें सिर्फ ‘एक डिलीवरी बॉय’ समझकर जज न करने लगें.

जिस काउंटर पर करते थे इंतजार, आज वहीं के बने मालिक

कौशिक उन दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि वे बेंगलुरु के बड़े-बड़े और मशहूर सीफूड रेस्टोरेंट्स के पिकअप काउंटरों पर घंटों खड़े होकर खाने का ऑर्डर मिलने का इंतजार करते थे. लेकिन समय का पहिया ऐसा घूमा कि आज वे खुद रेस्टोरेंट काउंटर के उस पार खड़े हैं. कड़ी मेहनत और जुनून के दम पर उन्होंने बेंगलुरु में ‘मंगलौर इन बैंगलोर’ (Mangalore in Bangalore) नाम से अपना खुद का एक जाना-माना और बेहद लोकप्रिय सीफूड जॉइंट खोल लिया है.

कौशिक ने जताई स्विगी और अपनी टीम का आभार

अपनी इस शानदार यात्रा को साझा करते हुए कौशिक ने लिखा कि यह सब कुछ उनके ग्राहकों, पार्टनर्स और पूरी टीम के समर्थन के बिना संभव नहीं था. उन्होंने अपने बुरे दिनों में काम देने और सहारा बनने के लिए स्विगी का भी दिल से धन्यवाद किया. कौशिक का कहना है कि वे आज जहां भी पहुंचे हैं, यह सिर्फ एक शुरुआत है और अभी उन्हें जिंदगी में बहुत आगे जाना है.

यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो

इंटरनेट पर जमकर मिल रहा प्यार और तारीफें

कौशिक की यह ‘रैग्स-टू-रिचेस’ यानी शून्य से शिखर तक पहुंचने की कहानी इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई है. सोशल मीडिया यूजर्स उनके इस संघर्ष और कामयाबी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. किसी यूजर ने लिखा कि उनकी असली दौलत उनके अनुभव, संघर्ष और यह जीत है, तो किसी दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि “इंटरनेट पर किसी अनजान इंसान की कामयाबी देखकर खुश होने का एक और खूबसूरत दिन.” कौशिक की यह कहानी आज के युवाओं और नए बिजनेसमैन के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा बन चुकी है.

यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो