Ratlam Crime Information: हत्या करने के बाद एक्सीडेंट दिखाने के लिए शवों को ले गए हाईवे पर
Ratlam Crime Information: मामला महू-नीमच हाईवे पर दो युवकों के शव मिलने का, दस से अधिक आरोपितों पर हत्या का प्रकरण दर्ज।
By Prashant Pandey
Publish Date: Mon, 25 Mar 2024 09:41 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 25 Mar 2024 09:51 PM (IST)

HighLights
- पुलिस आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
- शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे।
- शवों से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त रूप से मिली थी।
Ratlam Crime Information: नामली/रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर कांडरवासा फंटे के पास दो युवकों के शव मिलने का मामले की पुलिस ने गुत्थी सुलझा ली है। इस दोहरे हत्याकांड में नामली पुलिस ने दस से अधिक आरोपितों के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र का प्रकरण दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार दोनों युवकों की हत्या कहीं और की गई थी और फिर शव व उनकी क्षतिग्रस्त बाइक हाईवे पर कांडरवासा फंटे के पास रखकर सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया गया था। अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 21 व 22 मार्च की दरमियानी रात हाईवे पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कांडरवासा फंटे के पास 29 वर्षीय केशव गुर्जर पुत्र विष्णु गुर्जर निवासी ग्राम सेमलिया, रतलाम और 30 वर्षीय गजेंद्र उर्फ गज्जू पुत्र पूनमचंद्र डोडिया निवासी ग्राम अमलेटा मृत मिले थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। वहीं शवों से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त रूप से मिली थी।
पहले माना जा रहा था कि उनकी मौत सड़क हादसे में हुई होगी, लेकिन 22 मार्च की दोपहर दोपहर शव घर ले जाते समय उनके स्वजन व अन्य लोगों ने हाईवे के अमलेटा फंटे पर जाम लगाकर धरना देकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी।
साथ ही धारा 302 में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके मकान तोड़ने की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों द्वारा बारिकी से निष्पक्ष जांच कर जांच में आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर धरना प्रदर्शन व जाम खत्म किया गया था। पुलिस को घटना स्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर बांगरोद-नेगड़दा मार्ग पर एक क्षतिग्रस्त कार भी मिली थी।
कार में हाकी व डंडें भी पाए गए थे। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में पांच अलग-अलग टीमें बनाकर पुलिस ने जांच शुरू कर घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए और मृतकों तथा जिन पर आरोप लगाए गए थे, उनके मोबाइल फोन की डिटेल निकाली गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपितों का पता लगा लिया है।
सूत्रों का कहना है कि छह आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं कुछ आरोपित अपने-अपने गांव छोड़कर भूमिगत हो गए हैं। पुलिस टीमें आरोपितों की तलाश में जगह-जगह दबिशें दे रही है।
पहले बाइक को मारी टक्कर फिर की मारपीट
मृतकों के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल चुकी है, जिसमें उनकी मौत मारपीट से होना बताया गया है। मृतकों के शरीर पर मारपीट करने से 15 से अधिक चोट के निशान पाए गए हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस को पता चला है कि केशव व गजेंद्र बांगरोद-नेगड़दा मार्ग से बाइक पर कहीं जा रहे थे, तभी कार से उनकी बाइक को टक्कर मारी गई।
इससे वे दोनों घायल होकर गिर गए तथा बाइक व कार क्षतिग्रस्त्र हो गई थी। इसके बाद उनके साथ हथियारों से मारपीट की गई। इससे दोनों की मौत हो गई। उनकी मौत होने बाद एक अन्य वाहन में उनके शव व उनकी बाइक को रखकर हाईवे पर ले जाया गया था और शव व बाइक फेंककर आरोपित भाग गए थे।
जल्द किया जाएगा खुलासा
मृतकों की पीएम रिपोर्ट मिल गई है। उनके शरीर पर गंभीर चोट के अनेक निशान मिले हैं। हत्या करने के बाद आरोपितों ने षड्यंत्र रचकर मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया है। हत्या का प्रकरण दर्ज कर अराोपितों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। – विक्रमसिंह चौहान, थाना प्रभारी, नामली


