भारत के 7 दिग्गज क्रिकेटर, जिन्हें BCCI ने नहीं दिया फेयरवेल मैच


भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे बड़े नाम रहे हैं, जिनकी विदाई मैदान पर एक आखिरी यादगार मुकाबले के साथ नहीं हुई. इन खिलाड़ियों ने टीम इंडिया के लिए सालों तक शानदार प्रदर्शन किया, बड़े मुकाबलों में मैच जिताए और फैंस को कई यादगार पल दिए. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेते समय उन्हें फेयरवेल मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इस लिस्ट में वीवीएस लक्ष्मण से लेकर एमएस धोनी तक कई दिग्गज शामिल हैं.

वीवीएस लक्ष्मण भारतीय टेस्ट क्रिकेट के बड़े बल्लेबाजों में रहे. उन्होंने भारत के लिए 134 टेस्ट और 86 वनडे खेले. लक्ष्मण ने 2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले उनके संन्यास लेने के वजह से उन्हें फेयरवेल मैच नहीं मिला.

हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से भारतीय टीम को कई अहम मैच जिताए. उन्होंने 103 टेस्ट में 417 और 236 वनडे में 269 विकेट लिए. उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच 2016 में UAE के खिलाफ टी20 था. उन्होंने 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया.

जहीर खान

जहीर खान भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में रहे. 2011 वर्ल्ड कप जीत में उनका अहम योगदान था. जहीर का आखिरी इंटरनेशनल मैच 2014 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था. उन्होंने 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया और उन्हें भी फेयरवेल मैच नहीं मिला.

इरफान पठान

इरफान पठान के आखिरी इंटरनेशनल मैच की कहानी खास रही. श्रीलंका के खिलाफ 2012 के वनडे में उन्होंने 28 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाए और 5 विकेट झटके. भारत ने मैच 20 रन से जीता और इरफान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इसके बाद उन्होंने भारत के लिए कोई और इंटरनेशनल मैच नहीं खेला.

शिखर धवन

शिखर धवन लंबे समय तक भारतीय वनडे टीम के अहम सलामी बल्लेबाज रहे. उन्होंने 2024 में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लिया. भारत के लिए उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे था. उन्हें भी फेयरवेल मैच नहीं मिला.

युवराज सिंह

युवराज सिंह 2011 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बड़े हीरो रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था. उन्होंने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया. उनका आखिरी वनडे 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ था. उन्हें भी टीम इंडिया की ओर से फेयरवेल मैच नहीं मिला.

एमएस धोनी

एमएस धोनी की विदाई भी बिना फेयरवेल मैच के हुई. उन्होंने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया. उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2019 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल था. धोनी ने भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जिताया था.

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया की जापान में मस्ती, वैभव की नोबिता पोस्ट से श्रेयस-तिलक की जुगलबंदी तक छाई तस्वीरें