कनाडा में छह साल बिताने और Deloitte जैसी बड़ी कंपनी में नौकरी करने के बाद भारतीय मूल की प्रीति बिस्निक ने वापस भारत लौटने का फैसला किया है. उनका यह फैसला इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने नौकरी किसी मजबूरी में नहीं छोड़ी, बल्कि अपने माता-पिता के साथ रहने के लिए खुद रिजाइन करने का फैसला किया है. उन्होंने 22 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने फैसले के बारे में बताया. जानिए प्रीति ने अपनी वीडियो में क्या कहा. प्रीति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके बाद वो चर्चा में हैं.
मर्जी से नौकरी छोड़ने का फैसला
प्रीति ने साफ किया कि उन्हें Deloitte से निकाला नहीं गया है. उन्होंने अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ी है. उनके मैनेजर ने उन्हें कुछ समय की छुट्टी लेकर बाद में वापस काम शुरू करने का विकल्प भी दिया था, लेकिन प्रीति ने फिलहाल नौकरी से ब्रेक लेने का फैसला किया है. उन्होंने यह भी बताया कि वह कनाडा की नागरिक हैं. इसलिए नौकरी छोड़ने के बाद उन्हें तुरंत कनाडा छोड़ने की कोई मजबूरी नहीं थी. यानी भारत लौटने का फैसला पूरी तरह पर्सनल रिजन्स से लिया गया है.
माता-पिता हैं वापस लौटने की सबसे बड़ी वजह
प्रीति के मुताबिक, भारत लौटने की सबसे बड़ी वजह उनके माता-पिता हैं. दोनों अब बूढ़े हो चुके हैं और उनकी मां को देखने और चलने-फिरने में परेशानी होती है. प्रीति का कहना है कि वह अपने माता-पिता के साथ ज्यादा समय बिताना चाहती हैं. उन्हें लगता है कि अगर वह दूर रहकर अपने माता-पिता के लिए मौजूद नहीं रह पाईं तो बाद में उन्हें इसका अफसोस हो सकता है. इसलिए उन्होंने करियर के बजाय इस समय परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया है.
माता-पिता को कनाडा क्यों नहीं बुला रहीं?
सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रीति से पूछा कि वह अपने माता-पिता को कनाडा क्यों नहीं बुला लेतीं. इस पर उन्होंने अपनी स्थिति समझाई. उनकी मां को ग्लूकोमा है और आंखों से जुड़ी परेशानी के साथ चलने-फिरने में भी दिक्कत है. प्रीति के मुताबिक, इतनी लंबी फ्लाइट उनके लिए आसान नहीं होगी. उनके पिता भी बुजुर्ग हैं. प्रीति ने यह भी बताया कि उनके भाई अमेरिका और लंदन में रहते हैं. इसके बावजूद उन्होंने खुद भारत वापस आकर माता-पिता के साथ रहने का फैसला किया है.
यह भी पढ़ें : सीमा हैदर ने शेयर की अपनी 80s वाली तस्वीर, सचिन के साथ ऐसा आया लुक
अब माता-पिता की फिटनेस पर देंगी ध्यान
प्रीति ने कनाडा में रहते हुए न्यूट्रिशन की पढ़ाई भी की है. अब वह इस जानकारी का इस्तेमाल अपने माता-पिता की डाइट, फिटनेस और स्ट्रेंथ पर ध्यान देने में करना चाहती हैं. फिलहाल उनका इरादा कुछ समय तक नौकरी नहीं करने का है. वह अपने माता-पिता के साथ समय बिताने के अलावा अपनी सेहत और फिटनेस पर भी ध्यान देना चाहती हैं. उन्होंने कहा है कि अगले साल वह तय करेंगी कि आगे करियर में वे क्या करना चाहती है.
कनाडा में बढ़ गया था वजन
प्रीति ने अपनी फिटनेस जर्नी के बारे में भी बताया. उनके अनुसार, जब वह भारत से कनाडा गई थीं, तब उनका वजन करीब 78 किलो था. अगले छह साल में उनका वजन बढ़कर लगभग 100 किलो तक पहुंच गया. इसके बाद उन्होंने मेहनत करके करीब 10 किलो वजन कम किया. अब वह लंबे समय तक कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करने वाली नौकरी से ब्रेक लेना चाहती हैं और अपनी फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देना चाहती हैं. प्रीति के भारत लौटने के फैसले पर सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने उनके फैसले को परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारी से जोड़कर देखा और उन्हें शुभकामनाएं दीं.
यह भी पढ़ें : जापान के मेट्रो स्टेशन पर पर्चे बांट रहे थे पूर्व प्रधानमंत्री, वीडियो वायरल





