- बुजुर्गों, फीचर फोन और दूसरे सिम उपयोगकर्ताओं को फायदा,.
मोबाइल रिचार्ज कराते समय अगर आपका काम सिर्फ कॉल करने, कॉल रिसीव करने और SMS पाने तक सीमित है, तो अब आपको ऐसे डेटा के लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी जिसका इस्तेमाल ही नहीं करना है. अब ऐसे यूजर्स के लिए रिचार्ज का ऑप्शन बदलने वाला है. Telecom Regulatory Authority of India यानी TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए Voice और SMS-only प्लान उपलब्ध कराना जरूरी किया है. इसका मतलब है कि जिन यूजर्स को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, वे अपनी जरूरत के हिसाब से बिना डेटा वाला रिचार्ज चुन सकेंगे. तो आइए जानते हैं कि इसका फायदा कैसे मिलेगा.
इसका फायदा कैसे मिलेगा?
TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए सिर्फ Voice और SMS वाले रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराना जरूरी किया है. जिन यूजर्स को मोबाइल डेटा नहीं चाहिए, वो सिर्फ कॉलिंग और SMS की जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुन सकेंगे. इससे उन्हें ऐसे पैक लेने की जरूरत नहीं होगी जिनमें डेटा भी शामिल होता है. नए नियमों के तहत कंपनियों को 30 दिन या उससे कम अवधि वाले Voice और SMS-only प्लान देने होंगे. अगर किसी कंपनी के पास 28 या 30 दिन की वैलिडिटी वाला कॉलिंग, SMS और डेटा पैक है, तो उसी अवधि वाला बिना डेटा का ऑप्शन भी उपलब्ध कराना होगा.
कैलेंडर महीने के हिसाब से भी मिलेगा ऑप्शन
TRAI ने रिचार्ज की वैलिडिटी को लेकर एक और व्यवस्था की है. कंपनियों को कैलेंडर महीने के आधार पर चलने वाला प्लान भी देना होगा. जैसे अगर किसी ग्राहक ने महीने की 5 तारीख को रिचार्ज किया है, तो अगली रिन्यूअल तारीख भी 5 ही होगी. जिस महीने 5 तारीख नहीं होगी, उस स्थिति में महीने का आखिरी दिन रिन्यूअल डेट माना जाएगा.
लंबे समय के लिए भी No-Data Plan
सिर्फ छोटे रिचार्ज ही नहीं, कंपनियों को कम से कम एक लंबी वैलिडिटी वाला Voice और SMS-only प्लान भी रखना होगा. अभी कई कंपनियों के ऐसे प्लान 84 दिन या 365 दिन की अवधि वाले रहे हैं, जिनमें एक साथ ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ती थी. TRAI के मुताबिक, इसी वजह से कम अवधि वाले बिना डेटा ऑप्शन की जरूरत महसूस हुई. इस मामले में अप्रैल 2026 में लोगों और कंपनियों से सुझाव मांगे गए थे, जिसमें 1,132 से ज्यादा प्रतिक्रियाएं मिलीं. जून 2026 में ओपन हाउस चर्चा के बाद अब नए नियम जारी किए गए हैं.
यह भी पढ़ें – MacBook Neo को टक्कर देगा Googlebook! जानें कीमत से फीचर्स तक सबकुछ
किन यूजर्स को हो सकता है फायदा?
इस बदलाव का फायदा खासकर बुजुर्गों, फीचर फोन चलाने वालों और उन लोगों को मिल सकता है जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती है. इसका असर ऐसे दूसरे SIM इस्तेमाल करने वालों पर भी पड़ सकता है, जिन्हें मुख्य रूप से कॉलिंग, बैंक से आने वाले SMS या OTP के लिए नंबर चालू रखना होता है.
यह भी पढ़ें – BGMI में फ्री लूट से ज्यादा खास Secret Backpack, ऐसे मिलेगा Legacy Reward





