छोटे बच्चे बेहद मासूम और कोमल होते हैं. उनका बचपन खेलते-कूदते और शरारत करते हुए निकलना चाहिए. हालांकि, कुछ लोग सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए मासूम बच्चों के बचपन की यादें ही खराब कर देते हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार कर बैठते हैं, जो किसी भी इंसान के साथ नहीं किया जाना चाहिए. ऐसा ही एक मासूम बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में बच्चे के साथ हो रहे दुर्व्यवहार ने कई लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. वीडियो में एक शख्स सोशल मीडिया कंटेंट के लिए छोटे बच्चे को रस्सी से मारता हुआ दिखाई दे रहा है. इस पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड किया जा रहा है. वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा भी फूट पड़ा.
वीडियो में क्या दिखाया गया
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक छोटे मासूम बच्चे को दिखाया गया है, जिसके दोनों हाथ बंधे हुए हैं. रस्सी को दो अन्य लड़के पकड़े हुए हैं. इस दौरान छोटा बच्चा सहमा हुआ खड़ा रहता है, जैसे उसे जबरदस्ती वहां खड़ा किया गया हो. बच्चे के सामने एक आदमी आता है, जिसके हाथ में कोड़ा या चाबुक जैसा कुछ है और इसके बाद वीडियो शुरू हो जाता है. देखते ही देखते वह शख्स बच्चे की टांगों पर जोर से मारता है, जिससे सहमा हुआ बच्चा नीचे गिर जाता है. इसके बाद भी वह आदमी बच्चे के पास जाता हुआ नजर नहीं आता. वीडियो का यह नजारा देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स में काफी गुस्सा है.
ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ शक्त कार्यवाही होनी चाहिए
जो रील बनाने के लिए बच्चो की जान जोखिम में डालते है pic.twitter.com/FKo8j8Xah9— BHEEM BHAIYA (@BHEEM_BHAIYA) September 16, 2026
यह भी पढ़ें : 72 की उम्र में 24 हजार फीट से छलांग, बुजुर्ग का जज्बा देख दंग रह गया इंटरनेट
वीडियो देखकर यूजर्स का फूटा गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने जमकर नाराजगी जताई. एक यूजर ने लिखा, रील के लिए बच्चे के साथ ऐसी हरकत करना बिल्कुल गलत है.” दूसरे ने कहा, “कुछ व्यूज के लिए लोग इतनी हद तक कैसे जा सकते हैं? एक यूजर ने सवाल किया, वीडियो बनाने की बजाय बच्चे को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की गई? वहीं एक अन्य ने लिखा, “बच्चों को कंटेंट नहीं, सुरक्षित माहौल चाहिए. किसी ने कहा कि वायरल होने के चक्कर में इंसानियत नहीं भूलनी चाहिए. एक और यूजर ने लिखा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं कई यूजर्स ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.
वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर रील कल्चर और बच्चों की सुरक्षा को लेकर बहस शुरू हो गई है. लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना अलग बात है, लेकिन इसके लिए किसी बच्चे को डराना या उसके साथ मारपीट करना सही नहीं हो सकता. हालांकि, वायरल वीडियो की जगह, तारीख और इसमें शामिल लोगों के बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल वीडियो को लेकर यूजर्स अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और बच्चे के साथ हुई घटना पर सवाल उठा रहे हैं.
यह भी पढ़ें : मां के निधन के गम में फूट फूटकर रोए लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, वीडियो वायरल



.jpg)

