WhatsApp पर आ रहे इन डॉक्यूमेंट्स से रहें सावधान! एक गलती से हैक हो जाएगा फोन

WhatsApp पर आ रहे इन डॉक्यूमेंट्स से रहें सावधान! एक गलती से हैक हो जाएगा फोन


WhatsApp आज सिर्फ चैटिंग का जरिया नहीं है बल्कि इसका इस्तेमाल डॉक्यूमेंट, फोटो, वीडियो और दूसरे जरूरी फाइल शेयर करने के लिए भी बड़े पैमाने पर होता है. इसी भरोसे का फायदा अब साइबर अपराधी उठा रहे हैं. साइबर सिक्योरिटी कंपनी Quick Heal Technologies ने WhatsApp के जरिए फैलाए जा रहे एक नए मैलवेयर कैंपेन को लेकर चेतावनी दी है. इसमें हैकर्स नॉर्मल दिखने वाले डॉक्यूमेंट के रूप में खतरनाक फाइल भेज रहे हैं.

WhatsApp के जरिए कैसे फैल रहा है Malware?

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस अभियान में हमलावर पहले किसी WhatsApp अकाउंट को अपने कब्जे में लेते हैं. इसके बाद उसी अकाउंट की कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को संदिग्ध फाइल भेजी जाती है. सबसे बड़ी परेशानी ये है कि मैसेज किसी अनजान नंबर से नहीं बल्कि किसी परिचित व्यक्ति, सहकर्मी या कारोबारी संपर्क के अकाउंट से आ सकता है. ऐसे में यूजर उस फाइल पर आसानी से भरोसा कर सकता है.

यह भी पढ़ें: Android यूजर्स सावधान! नया Malware चुरा रहा OTP, पढ़ रहा WhatsApp चैट, जानें कैसे बचें

हैकर्स इन फाइलों को नॉर्मल बिजनेस डॉक्यूमेंट जैसा दिखाने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि सिर्फ भेजने वाले व्यक्ति को पहचानना अब काफी नहीं है. अगर कोई परिचित अचानक कोई ऐसा डॉक्यूमेंट भेजता है जिसकी उम्मीद नहीं थी तो उसे खोलने से पहले चेक करना बहुत जरूरी है.

किन लोगों को बनाया जा रहा है निशाना?

Quick Heal के अनुसार, इस कैंपेन में खास तौर पर फाइनेंस टीम, वरिष्ठ अधिकारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और बिजनेस यूजर्स को निशाना बनाया जा रहा है. ऐसे यूजर्स के फोन या कंप्यूटर में वित्तीय डॉक्यूमेंट्स और संवेदनशील कारोबारी जानकारी मौजूद हो सकती है, इसलिए उनके डिवाइस पर कब्जा साइबर अपराधियों के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि हमलावर लगातार फाइल फॉर्मेट और अपनी तकनीक बदल रहे हैं ताकि सुरक्षा सिस्टम को चकमा दिया जा सके.

बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

WhatsApp पर किसी परिचित से भी अचानक कोई संदिग्ध डॉक्यूमेंट आए तो उसे तुरंत डाउनलोड या ओपन न करें. पहले फोन करके या किसी दूसरे माध्यम से उस व्यक्ति से पूछें कि क्या उसने वास्तव में फाइल भेजी है. अनजान या संदिग्ध फाइल को आगे शेयर करने से भी बचें.

इसके अलावा फोन और कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम तथा सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें. अगर कोई फाइल असामान्य नाम, अजीब फॉर्मेट या संदिग्ध संदर्भ के साथ आए तो उसे नजरअंदाज करना ही बेहतर है. साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञों की सलाह है कि WhatsApp पर मिलने वाली फाइलों को लेकर अब पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें:

Claude में दिख रहे Clock आइकन का क्या मतलब होता है? जानें इसकी सच्चाई