‘कभी दिशा सालियान से नहीं मिला’, आरोपों पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी

‘कभी दिशा सालियान से नहीं मिला’, आरोपों पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी


सीबीआई ने हाल ही में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज की है. इसके बाद से सूरज पंचोली को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है. वहीं सूरज ने अब अपने नाम पर फिर से शुरू हुई चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है. एक्टर ने दिशा या शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे से कभी भी मिलने की बात से इनकार किया है और कहा है कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है.

दिशा सालियान मामले में सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी
बता दें कि सूरज पंचोली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर उन रिपोर्ट्स और बयानों पर बात की जिनमें उन्हें पिछले कुछ सालों में इस मामले से जोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने बोलने का फैसला इसलिए किया क्योंकि उन्हें लगा कि कुछ फैक्ट्स को सबके सामने लाना जरूरी है.

सूरज ने लिखा, “पिछले कुछ सालों से, अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स और बयानों के जरिए दिवंगत दिशा सालियन की दुखद मौत से जुड़े विवाद में मेरा नाम घसीटा जा रहा है.”

इसके बाद एक्टर ने लिखा, “मैं यह बात जोर देकर और बहुत साफ-साफ कहना चाहता हूं! मैंने अपनी लाइफ में कभी भी दिवंगत दिशा सालियन से न तो सीधे और न ही किसी और तरह से मुलाक़ात की है. मैंने अपनी जिंदगी में कभी आदित्य ठाकरे से भी मुलाकात नहीं की है!”

 

सूरज की स्टेटमेंट दर्ज कर चुकी है सीबीआई और पुलिस
सूरज ने जांच एजेंसियों द्वारा पहले की गई पूछताछ के बारे में भी बात की. उन्होंने लिखा, “मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है.” उन्होंने कहा कि अगर किसी एजेंसी को उनसे और जानकारी चाहिए या वे चाहते हैं कि वह किसी और जांच में शामिल हों, तो वह सहयोग करने के लिए तैयार हैं.

एक्टर ने कहा कि शुरू में उन्होंने अपने बारे में लिखी गई हर रिपोर्ट या खबर पर रिएक्शन न देने का फैसला किया था. हालांकि, दिशा की मौत के मामले में बार-बार उनका नाम सामने आने के कारण, उन्हें लगा कि अब इस मामले पर पब्लिकली बात करने का समय आ गया है.

ये भी पढ़ें:-‘लस्ट स्टोरीज 3’ से ‘इरुमुडी’ तक, इस वीक ओटीटी पर धमाका करेंगी ये 7 नई फिल्में-सीरीज

‘बिना सबूत के मेरा नाम मामले से जोड़ना गलत है’
सूरज ने मामले से बार-बार अपना नाम जोड़े जाने को “गलत और परेशान करने वाला” बताया. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उनके कथित तौर पर शामिल होने के बारे में कोई भी दावा करने से पहले फैक्ट्स की जांच कर लें.

एक्टर ने अधिकारियों से इस घटना से जुड़े “दुर्भावनापूर्ण प्रोपेगेंडा और झूठी बातों” की जांच करने की भी मांग की. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी एक इसांन की मौत बिना सबूत के किसी दूसरे की रेप्युटेशन को नुकसान पहुंचाने की वजह नहीं बननी चाहिए. सूरज ने कहा, “हेडलाइन कोई सबूत नहीं है. बहस कोई सबूत नहीं है.”

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि उन्हें कानून और जांच एजेंसियों पर भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि सच आखिरकार सामने आएगा.

ये भी पढ़ें:-यश और कियारा की Toxic ओटीटी पर कब और कहां होगी रिलीज? आ गई डिटेल्स