विधिविधान से हुआ होलिका दहन, आज रंगों से सराबोर होगा शहर

जोश, उमंग से भरपूर नजर आ रहे शहरवासी, रंग-गुलाल के साथ जमकर होगी मस्ती

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Solar, 24 Mar 2024 11:14 PM (IST)

Up to date Date: Solar, 24 Mar 2024 11:14 PM (IST)

विधिविधान से हुआ होलिका दहन, आज रंगों से सराबोर होगा शहर
फाउंडेशन एकेडमी में होलिका दहन

बिलासपुर (नईदुनिया न्यूज)।

होलिका दहन रविवार को शुभ मुहूर्त में संपन्न की गई। शहर में होलिका दहन के समितियों ने इसके लिए पूरी तैयारी पहले से कर कर रखी थी। शहर में छोटे-बड़े होली मिलाकर एक हजार से अधिक होलिका का दहन किया गया है। वहीं अब होलिका दहन के साथ ही शहरवासी सोमवार की सुबह से रंगों सराबोर होंगे। सोमवार को पूरे उत्साह, उमंग और मौज-मस्ती के साथ रंगों के इस पर्व को मनाएंगे। जिसकी तैयारी बीते एक सप्ताह से चल रही थी, सुबह होते ही पूरा शहर रंगों से रंगीन हो जाएगा।

शहरवासियों में होली की गजब की खुमारी देखने को मिल रही है, रविवार की शाम से ही माहौल होलियाना हो गया और शहर की फिजा में रंग-गुलाल उड़ना चालू हो गया। जैसे-जैसे शहर के जगह-जगह में होलिका दहन होते गया, वैसे-वैसे ही रंगों के इस त्योहार के मौज-मस्ती में लोग डुबने लगे। वहीं अब मौज-मस्ती सोमवार की सुबह अपने चरम पर रहेगी। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक रंगों के इस त्योहार में एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं एक दूसरे को देंगे। इसके बाद दिनभर एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर मस्ती करते हुए शहरवासी नजर आएंगे। शहर में होली खेलने की तैयारी भी जोरों से की गई हैं। सैकड़ों जगह साउंड बाक्स लगाए गए हैं। कही पानी का कुंड बनाकर रखा गया तो, कई जगहों पर फव्वारे भी लगाए हैं। लगभग हर मोहल्ले, गली, चौहारों के साथ छोटी-बड़ी कालोनियों में रंग-गुलाल खेलने की व्यवस्था की गई है। साफ है कि जिस उत्साह व उमंग से लोग होली खेलने को तैयार है। उसका नजारा सोमवार को देखने को मिलेगा और लोग नाचते-गाते इस रंगों का त्योहार मनाएंगे।

खूब बिके रंग-गुलाल और पिचकारी

इस बार होली को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। इसी वजह से बाजार ने भी बूम किया है। रविवार की सुबह से ही बाजार में भीड़ रही। गोल बाजार, शनिचरी बाजार, बुधवारी बाजार, मुंगेली नाका रोड के साथ शहर के अन्य प्रमुख बाजार में इतनी भीड़ रही कि लोगों को खरीदारी करने में मशक्कत करना पड़ा। लेकिन इसके बाद भी किसी का उत्साह कम नहीं हुआ है। रंग-गुलाल और पिचकारी के लिए जगह-जगह स्थाई बाजार बनाए गए थे। इसमें सबसे ज्यादा भीड़ कंपनी गार्डन के सामने लगने वाली बाजार में रही। जहां पर दिनभर रंग-गुलाल की बिक्री होते रही है। वही बच्चे अपने पसंद की पिचकारी खरीदते हुए नजर आए है।

गुझिया रहा आनडिमांड

गुझिया होली पर्व का खास व्यंजन है। ऐसे में सबसे ज्यादा इसकी डिमांड रही। मिठाई दुकानों में बड़े पैमाने पर गुझिया बनाया गया जो हाथो-हाथ बिकता रहा। इसी तरह होली का परंमपरा मीठा हरवा माला की भी काफी मांग रही है। इन सबके बीच खोवा से बनी मिठाई, ठंडाई, विभिन्न प्रकार के नमकीन, मुरकू आदि की खूब मांग रही है।

जगह-जगह गूंजने लगी नगाड़ों की थाप

शहर में जगह-जगह होली के नगाड़ों की थाप के साथ ही फाग गीतों से होली का सुमधुर संदेश मिलने लगा है। वहीं होली की मस्ती के साथ ही रंग-गुलाल की भी वर्षा होने लगी है। एक से बढ़कर एक फाग गीतों के साथ देर रात तक होली की उमंग और मस्ती का रंग भी गहरा रहता है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और कालोनियों में नगाड़ों की थाप और फाग गीत पर्व की खुशियों को दोगुना कर रहे हैं। वही सोमवार को भी नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते झूमते मिलेंगे।

महिलाओं ने भी किया है विशेष इंतजाम

होली खेलने के लिए मोहल्ले, कालोनियों के महिलाओं ने भी विशेष इंतजाम किए है। जो पूरे ग्रुप के साथ रंग-गुलाल खेलते हुए होली पर्व को यादगार बनाएंगे। खासतौर से कालोनी व अपार्टमेंट में रहने वाली महिलाएं और युवतियों ने विशेष इंतजाम किए है। रंग-गुलाल, लजीज पकवान के साथ ही पानी के कुंड की भी व्यवस्था की गई है। जहां पर महिलाओं का ग्रुप होली खेलते हुए नजर आएंगे।

वाटर पार्क में भी होगी जमकर होली

शहर के विभिन्न वाटर पार्क में भी होली खेलने की विशेष व्यवस्था की गई है। जहां पर परिवार के साथ जाकर होली खेल सकेंगे। इसके लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। जिसकी बुकिंग हाथों-हाथ हो चुकी है। जहां पूरे दिनभर रहते हुए स्वीमिंग पूल में विभिन्न लजीज व्यंजनों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनेगा।