राजस्थान की बहादुर मां- बेटी ने बचाई 3 मासूमों की जान, वीडियो वायरल

राजस्थान की बहादुर मां- बेटी ने बचाई 3 मासूमों की जान, वीडियो वायरल


राजस्थान के डूंगरपुर से दिल दहला देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिसे देखकर आपकी सांसें थम जाएंगी. यहां पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में एक कार अनियंत्रित होकर समा गई. गाड़ी के भीतर 11 महीने के मासूम बच्चे समेत तीन लोग फंसे हुए थे और कार धीरे-धीरे पानी में डूब रही थी. हैरान करने वाली बात यह रही कि किनारे पर खड़ी भीड़ सिर्फ तमाशा देख रही थी, लेकिन तभी देवदूत बनकर आईं मां-बेटी ने अपनी जान पर खेलकर जो किया, उसने पूरे देश को उनका मुरीद बना दिया है. 

वीडियो में क्या देखा गया

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो डूंगरपुर जिले का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक सफेद रंग की कार अचानक अनियंत्रित होकर पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे में गिर जाती है. कार पानी में गिरते ही तेजी से डूबने लगती है. इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो जाती है, लेकिन दुखद बात यह रही कि लोग मदद के लिए आगे बढ़ने के बजाय जेब से मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में व्यस्त हो जाते हैं. 

उफनते पानी में कूदकर तोड़ा कार का शीशा

तभी वहां से गुजर रहीं 38 वर्षीय सुर्ता परमार और उनकी बहादुर नाबालिग बेटी आयुषी की नजर इस हादसे पर पड़ी. उन्होंने बिना एक पल गंवाए और अपनी जान की परवाह किए बिना उफनते पानी में छलांग लगा दी. मां-बेटी तैरते हुए डूबती हुई कार तक पहुंचीं. गाड़ी के दरवाजे पानी के दबाव के कारण लॉक हो चुके थे. इसके बाद सुर्ता और आयुषी ने सूझबूझ दिखाई और पत्थर या भारी चीज की मदद से कार का शीशा तोड़ दिया.

11 महीने के मासूम समेत 3 जिंदगियां बचाईं

शीशा टूटने के बाद मां-बेटी ने सबसे पहले कार के अंदर फंसे 11 महीने के मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और किनारे पर मौजूद लोगों को सौंपा. इसके बाद उन्होंने कार में फंसे बाकी दोनों वयस्क सदस्यों को भी एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. महज कुछ ही मिनटों के भीतर कार पूरी तरह पानी में समा गई. 

यह भी पढ़ें: ज्वालामुखी में हुआ जोरदार धमाका? विस्फोट देख फटी रह जाएंगी आंखें

यूजर्स ने की जमकर तारीफ

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही लोग तगह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, आज के दौर में जहां लोग सिर्फ रील बनाने में बिजी रहते हैं, वहां इन दोनों ने मिसाल पेश की है. इन्हें सरकार की तरफ से वीरता पुरस्कार मिलना चाहिए. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, यह वीडियो साबित करता है कि दुनिया में इंसानियत अभी जिंदा है. रोंगटे खड़े कर देने वाली बहादुरी. वहीं एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, शर्म आती है उन मर्दों को देखकर जो वहां खड़े होकर सिर्फ मोबाइल चमका रहे थे, मां-बेटी ने उन सबको आईना दिखा दिया.

यह भी पढ़ें: कोबरा को गले से पकड़ हड़काने लगा युवक- वीडियो देख फूल जाएंगी सांसे