Zomato से ऑर्डर किया फूड, कस्टमर बोला- डिलीवरी एजेंट ने बेचा मेरा खाना

Zomato से ऑर्डर किया फूड, कस्टमर बोला- डिलीवरी एजेंट ने बेचा मेरा खाना


ऑनलाइन खाना मंगाने के बाद अगर आपका ऑर्डर काफी देर तक न पहुंचे तो सबसे पहले नजर डिलीवरी ट्रैकिंग पर जाती है. लेकिन सोचिए, ट्रैकिंग खोलने पर आपका खाना तो कहीं नजर न आए और डिलीवरी पार्टनर की लोकेशन करीब 40 मिनट तक एक ही जगह अटकी दिखाई दे. ऐसा ही दावा एक Zomato ग्राहक ने सोशल मीडिया पर किया है. रिषभ कौशिक नाम के यूजर ने X पर अपनी शिकायत शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने रात 10:58 बजे खड़क सिंह का ढाबा से खाना ऑर्डर किया था. इसके बाद की जो कहानी है उसे जानकर आपके होश उड़ने तय हैं.

40 मिनट तक नहीं बदली डिलीवरी पार्टनर की लोकेशन

रिषभ के मुताबिक, डिलीवरी पार्टनर की लोकेशन करीब 40 मिनट तक एक ही जगह बनी रही. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उन्हें बताया गया कि ऑर्डर 100 रुपये में बेच दिया गया. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ग्राहक ने Zomato की कस्टमर सर्विस पर भी तंज कसा और कहा कि वहां भी एक बॉट बैठा हुआ है. उनकी पोस्ट का अंदाज शिकायत के साथ-साथ व्यंग्य वाला था, जिसकी वजह से मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया.

Zomato ने कहा- ऑर्डर की जानकारी भेजिए

मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद Zomato ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने रिषभ से उनका ऑर्डर आईडी निजी तौर पर शेयर करने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके. कंपनी ने सार्वजनिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं की है कि डिलीवरी पार्टनर ने ग्राहक का खाना खुद खाया या उसे किसी और को बेच दिया. ऐसे में फिलहाल यह पूरा मामला ग्राहक के दावे पर आधारित है और जांच के बाद ही असल स्थिति साफ हो सकेगी.

Zomato से ऑर्डर किया फूड, कस्टमर बोला- डिलीवरी एजेंट ने बेचा मेरा खाना

एक पोस्ट से उठ गया खाने की सेफ्टी का सवाल

मामला सिर्फ एक ऑर्डर के देर से पहुंचने तक सीमित नहीं रहा. पोस्ट पर कमेंट करने वाले कई लोगों ने फूड डिलीवरी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि अगर कोई डिलीवरी पार्टनर खाना ग्राहक तक पहुंचाने से पहले उसके साथ छेड़छाड़ कर सकता है, तो खाने की सुरक्षा की गारंटी कैसे होगी. कुछ लोगों ने देर रात खाना ऑर्डर करने के अपने अनुभव भी शेयर किए.

यूजर्स बोले- रात में COD ही सही!

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस घटना के बाद कैश ऑन डिलीवरी यानी COD को बेहतर विकल्प बताया. एक यूजर ने कहा कि वह रात 10 बजे के बाद इसी वजह से COD चुनता है. दूसरे यूजर ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि उसने भी डिलीवरी को लेकर काफी परेशानी झेली और आखिर में ऑर्डर कैंसिल हो गया. हालांकि इन कमेंट्स की भी अलग से पुष्टि नहीं हुई है.

Zomato से ऑर्डर किया फूड, कस्टमर बोला- डिलीवरी एजेंट ने बेचा मेरा खाना

यह भी पढ़ें: गजब! मंत्री जी को माला पहनाते रहे नेता जी, गले से गायब हो गई सोने की चेन

वायरल पोस्ट ने खड़ा किया बड़ा सवाल

रिषभ की पोस्ट वायरल होने के बाद बहस सिर्फ Zomato तक सीमित नहीं रही, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी में ग्राहक के भरोसे और खाने की सुरक्षा तक पहुंच गई. डिलीवरी ऐप पर लोकेशन ट्रैक करने से ग्राहक को अपने ऑर्डर की जानकारी तो मिलती है, लेकिन अगर ऑर्डर तय समय पर न पहुंचे और ट्रैकिंग में कोई गड़बड़ी नजर आए, तो ग्राहक के लिए स्थिति बेहद परेशान करने वाली हो सकती है. फिलहाल Zomato ने जांच के लिए ऑर्डर की जानकारी मांगी है और कंपनी की जांच के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.

यह भी पढ़ें: हाईराइज बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए डोगेश भाई, मुश्किल से हुआ रेस्क्यू