सत्य निकेतन हादसे से टूटे शिखर धवन, बोले- ‘जिन परिवारों ने अपनों को खोया…’


भारत की राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार (06 सितंबर) को 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत के गिरने से बड़ा हादसा हुआ. लड़कों की पीजी (पेइंग गेस्ट) के रूप में इस्तेमाल हो रही इमारत के गिरने से कुछ लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हुए हैं. इस घटना ने पूरे देश को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे बरती जा सकती है? इस हादसे पर सभी अपना-अपना दुख जाहिर कर रहे हैं. टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन ने भी इस घटना पर दुख जताया. 

धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के लिए हिम्मत की प्रार्थना की, जबकि मलवे में फंसे लोगों के सुरक्षित निकले की कामना की. 

धवन ने लिखा, “सत्य निकेतन से आई खबर से बहुत दुख हुआ है. जिन परिवारों ने अपने प्यारों को खोया, उनके लिए हिम्मत की प्रार्थना कर रहा हूं और जो लोग अभी भी फंसे हुए हैं, उनके सुरक्षित बचाव की भी कामना करता हूं.”

5 लोगों के मरने की खबर 

इस खबर को लिखे जाने तक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5 पर पहुंच गई है. जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (AIIMS) में इस घटना के 10 मरीज पहुंचे थे. इसमें 4 मृत अवस्था में थे. बाकी 1 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस तरह 5 लोगों की जान जा चुकी है. बाकी 5 घायलों में एक को मामूली चोटें लगी थीं, जिसे देखरेख के बाद छुट्टी दे दी गई. वहीं एक मरीज के अंगों की सर्जरी की भी खबर है. 

चल रहा था मरम्मत का काम, बेसमेंट में भरा पानी

इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम हो रहा था, तभी दोपहर करीब 1:30 बजे बिल्डिंग ढह गई. इस इमारत के ढहने से आसपास मौजूद कई वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कुछ दिनों से बारिश होने के कारण बेसमेंट में पानी जमा होने लगा था, जिससे इसकी नींव कमजोर हो गई थी. इसे ही इमारत के ढहने की वजह बताया गया. दिल्ली में शुक्रवार से काफी बारिश हुई थी.

 

यह भी पढ़ें: 4, 6, 4… सिराज पर बरसे वैभव सूर्यवंशी, फर्स्ट क्लास को बनाया टी20; देखें वीडियो