कभी-कभी किसी अपने से मिलने के लिए बड़ी वजह की जरूरत नहीं होती. सिर्फ इतना कहना काफी होता है कि “आपकी याद आ रही है.” ऐसा ही कुछ एक बेटी के साथ हुआ, जब उसने रात में अपने पिता को मैसेज करके कहा कि वह उन्हें मिस कर रही है. बेटी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके पापा अगले ही दिन उसके दरवाजे पर खड़े मिलेंगे.
इस भावुक पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर @apple.kaivalya नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. महिला ने बताया कि उसने एक रात बस अपने पिता को मैसेज किया था और कहा था कि वह उन्हें याद कर रही है. इसके बाद अगली सुबह जब उसने घर का दरवाजा खोला तो सामने उसके पिता खड़े थे. उनके हाथ में एक बैग था और चेहरे पर वही अपनापन था, जिसकी बेटी को शायद उस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत थी.
14 घंटे का सफर, बेटी के साथ सिर्फ 8 घंटे
सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि पिता अपनी बेटी से मिलने के लिए करीब 14 घंटे का सफर करके पहुंचे थे. वह उसके साथ लगभग 8 घंटे रहे और फिर दोबारा 14 घंटे का सफर करके वापस चले गए. यानी बेटी के लिए कुछ घंटे निकालने के लिए उन्होंने कुल करीब 28 घंटे का सफर किया. इतना ही नहीं, मुलाकात के दौरान भी वह अपने काम से जुड़े फोन कॉल लेते रहे. लेकिन काम के बीच भी उन्होंने अपनी बेटी के साथ समय बिताने का पूरा ध्यान रखा.
उन्होंने बेटी के घर के बर्तन तक साफ किए. उसे बाहर लेकर गए और उसका पसंदीदा खाना खिलाया. कोई बड़ी पार्टी नहीं, कोई महंगा गिफ्ट नहीं और न ही कोई बड़ा सरप्राइज प्लान. बस एक पिता था, जो अपनी बेटी से मिलने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करके उसके पास पहुंच गया.
जाते-जाते पापा ने कही दिल छू लेने वाली बात
पिता जब वापस जाने लगे तो उन्होंने बेटी से सिर्फ एक छोटी सी बात कही- “तुम जो भी करो, बस खुश रहना. मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं.” पिता की यही बात बेटी के दिल में बस गई. उसने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उसके पिता इसलिए नहीं आए क्योंकि उसने उन्हें बुलाया था, बल्कि इसलिए आए ताकि उसे याद दिला सकें कि वह कभी अकेली नहीं है.
महिला ने यह भी लिखा कि माता-पिता कई बार प्यार का इजहार बड़े-बड़े शब्दों में नहीं करते. वे बस चुपचाप आपके पास पहुंच जाते हैं. कभी बैग लेकर, कभी आपका पसंदीदा खाना लेकर और कभी घर के बर्तन साफ करके.
यह भी पढ़ेंः प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी ने एक दूसरे पर लुटाया प्यार- वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर लोगों को याद आए अपने माता-पिता
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए. कई लोगों ने कहा कि माता-पिता का प्यार शायद ऐसा ही होता है. वे ज्यादा कुछ कहते नहीं हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर बिना बताए आपके पास पहुंच जाते हैं. इस कहानी की सबसे खूबसूरत बात शायद यही है कि बेटी ने सिर्फ इतना कहा था कि उसे अपने पिता की याद आ रही है. पिता ने उस बात को महज एक मैसेज नहीं समझा. उन्होंने उसे गंभीरता से लिया और अगले ही दिन बेटी के सामने खड़े थे.
यह भी पढ़ेंः पहाड़ ने डराया तो पानी से आया प्रलय, आंखों में आंसू ला देंगी नेपालियों की दास्तां





