पायलट बन गया शायर, जब लैंडिंग के वक्त फ्लाइट में शुरू हुआ मुशायरा

पायलट बन गया शायर, जब लैंडिंग के वक्त फ्लाइट में शुरू हुआ मुशायरा


हवाई जहाज में जब भी लैंडिंग की अनाउंसमेंट होती है, तो पायलट वही पुरानी रटी-रटाई बातें बताते हैं “हम इतनी ऊंचाई पर हैं, इतना तापमान है और 20 मिनट में लैंड करने वाले हैं.” लेकिन कोलकाता आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में माहौल तब एकदम बदल गया जब कैप्टन ने अपनी घोषणा खत्म करते-करते एक खूबसूरत सरप्राइज दे दिया. पायलट की इस अनोखी और शायराना अनाउंसमेंट का वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर तहलका मचा रहा है.

कैप्टन बोले- ‘एक शेर अर्ज करता हूं…’

संचिता नाम की एक यात्री ने इस प्यारे लम्हे को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है. वीडियो में पायलट पहले तो वही सामान्य जानकारी देते नजर आते हैं कि प्लेन कोलकाता से 140 किलोमीटर दूर है, शहर का तापमान 29 डिग्री है और वे अगले 20 मिनट में उतरने वाले हैं. लेकिन इसके तुरंत बाद कैप्टन कहते हैं, “आज हमें आपकी सेवा का मौका देने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. अब जब मैं आपसे विदा ले रहा हूं, तो एक शेर अर्ज करना चाहता हूं. उम्मीद है आप सभी को पसंद आएगा.”

इसके बाद पायलट ने मशहूर शायर मजरूह सुल्तानपुरी की ये पंक्तियां सुनाईं

“मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंजिल मगर,

लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया!”

शेर खत्म होते ही कैप्टन ने मुस्कुराते हुए क्रू को लैंडिंग की तैयारी करने को कहा और यात्रियों का धन्यवाद किया.

यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल

यूजर्स ने बांधे तारीफों के पुल

वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इंडिगो एयरलाइंस और पायलट की दिल खोलकर तारीफ की.वहीं वीडियो पोस्ट करने वाली पैसेंजर ने लिखा, “इतने कूल पायलट्स को नौकरी पर रखने के लिए शुक्रिया इंडिगो.” एक यूजर ने लिखा, “थैंक यू कैप्टन! आपने पूरे सफर को यादगार बना दिया.” वहीं दूसरे यूजर ने उन्हें ‘मिस्टर कूल कैप्टन’ का टैग दे दिया.

इंडिगो ने भी किया रिएक्ट

मामले में इंडिगो एयरलाइंस के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट ने भी कमेंट किया और लिखा, “आपकी इन मीठी बातों और तारीफ के लिए धन्यवाद. हमें बेहद खुशी है कि हमारे पायलट ने आपके सफर को इतना खुशनुमा बना दिया. हम यह संदेश अपनी टीम तक जरूर पहुंचाएंगे.”

यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video