पुलिस के धमाल पर रोक, एसडीएम ने अनुमति को किया निरस्त
आज कुंदन पैलेस में होना था होली मिलन कार्यक्रम, नईदुनिया की खबर के बाद जागा प्रशासन
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Solar, 24 Mar 2024 01:11 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 24 Mar 2024 01:11 AM (IST)
बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रविवार को कुंदन पैलेस में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम को एसडीएम ने निरस्त कर दिया है। दरअसल शांति समिति की बैठक में निर्णय लिया गया था कि पर्व में डीजे पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। वहीं 24 मार्च को आयोजित कार्यक्रम डीजे की अनुमति दे दी गई थी। इसके अलावा पुलिस की ओर से अपने फेसबुक पेज पर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। नईदुनिया ने पुलिस के इस दोहरे चरित्र को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद कार्रवाई की गई।
कुंदन पैलेस में रविवार को बालीवुड कलाकार रश्मि देसाई के साथ होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आयोजक की ओर से इसके लिए बकायदा पास भी जारी किया गया था। इसका पास 500 से लेकर 2500 तक था। अब तक कई पास बिक चुके हैं। इस बीच शहर की व्यवस्था संभालने वाली पुलिस भी इसका प्रचार-प्रसार कर रही थी। पुलिस की ओर से अपनी आफिशियल फेसबुक पेज पर कार्यक्रम में शामिल होने नागरिकों से अपील भी की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद नईदुनिया ने खबर प्रकाशित की। मामले में पुलिस की किरकिरी होने पर उन्होंने फेसबुक पेज से इसे हटा दिया है। साथ ही हिंदूवादी संगठनों ने इस कार्यक्रम का विरोध किया। इसे देखते हुए एसडीएम ने कार्यक्रम को ही निरस्त कर दिया है।
सांप्रदायिक तनाव फैलने की थी आशंका
शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपने अभिमत में इस बात का स्पष्ट जिक्र किया है कि आयोजन समिति के सदस्य सोहेल मुगल के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसे लेकर शिकायत दर्ज की गई थी और कार्यक्रम में सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका व्यक्त की गई थी। इसके बाद अब प्रशासन ने कार्यक्रम पर रोक लगा दी है । बिलासपुर जो की धीरे-धीरे अपराध का गढ़ बनते जा रहा है। दूसरी ओर ऐसे आयोजनों को प्रशासन द्वारा छूट दिया जाना सवाल खड़े कर रहा था।

