जहां टूटा था ग्लेशियर वहां पहुंचा चीनी हेलीकॉप्टर, Nepal की तबाही का Video

जहां टूटा था ग्लेशियर वहां पहुंचा चीनी हेलीकॉप्टर, Nepal की तबाही का Video


नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने पूरे दुनिया को झकझोर कर रख दिया है. इस बाढ़ की वजह से लाखों घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं और अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर करीब 162 हो चुकी है. इसके अलावा सैकड़ों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें कई विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं. बुधवार सुबह अचानक आई इस बाढ़ ने भोटेकोशी नदी के आसपास बसे रसुवा और नुवाकोट जिलों में भारी तबाही मचाई. सड़कें, पुल, घर और बिजली परियोजनाएं सब कुछ पानी की तेज धार में बह गए.

इतनी बड़ी तबाही देखकर हर किसी के मन में एक ही सवाल उठ रहा था कि आखिर नेपाल में इतना खौफनाक हादसा किस वजह से हुआ? इसी सवाल का जवाब ढूंढते हुए चीन का एक हेलीकॉप्टर उस जगह पहुंचा, जहां से इस बाढ़ की शुरुआत हुई थी. विशेषज्ञों के मुताबिक, तिब्बत क्षेत्र में ऊंचाई पर बर्फ खिसकने और एक ग्लेशियर के अचानक टूटने से यह पानी नीचे की ओर बहा, जिसने भोटेकोशी नदी में इतनी बड़ी बाढ़ ला दी. चीनी हेलीकॉप्टर द्वारा लिए गए एरियल व्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वीडियो में क्या नजर आया?

सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो शेयर किया है, जिसमें साफ लिखा है कि चीन का हेलीकॉप्टर उसी जगह पहुंचा जहां ग्लेशियर टूटा था और जहां से निकले पानी ने नेपाल में भारी तबाही मचाई. वीडियो में ऊंचे पहाड़ों के बीच बर्फ से ढकी चट्टानें और उनके बीच से तेजी से बहता हुआ पानी साफ नजर आ रहा है. कुछ हिस्सों में बर्फ की एक बड़ी सुरंग भी दिखाई देती है, जिसके बारे में वीडियो में बताया गया है कि यह पानी बर्फ के नीचे से होते हुए करीब तीन मील दूर तक बनी एक झील तक जाता है. वीडियो में यह भी समझाया गया है कि पानी का दबाव बढ़ने पर बर्फ ऊपर उठ जाती है और वह पानी पहाड़ के नीचे की तरफ बहने लगता है. बताया गया है कि यह झील करीब 36 घंटों में पूरी तरह खाली हो जाती है और इतनी तेज रफ्तार से पानी निकलता है कि वह अपने साथ ग्लेशियर के अंदर से बर्फ के बड़े-बड़े टुकड़े भी बहा ले जाता है. यही पानी आगे चलकर भोटेकोशी नदी में मिला और नेपाल के कई इलाकों में तबाही की वजह बना.

यह भी पढ़ेंः तबाही से पहले की शांति! लैंड स्लाइड से कैसे तहस-नहस हुआ नेपाल? देखें वीडियो

लोगों ने किए कमेंट्स

इस वीडियो को देखकर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. ज्यादातर लोगों का कहना है कि यह वीडियो इसलिए बहुत जरूरी है क्योंकि इससे यह साफ पता चलता है कि नेपाल में आई इस भयानक बाढ़ के पीछे असली वजह क्या थी. कई लोगों ने लिखा कि पहाड़ों में ऊंचाई पर बनी ऐसी झीलें कभी भी टूट सकती हैं और इनके बारे में समय रहते चेतावनी मिलना बहुत जरूरी है. कुछ यूजर्स ने इसे जलवायु परिवर्तन से जोड़ते हुए कहा कि लगातार बढ़ते तापमान की वजह से हिमालय के ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे ऐसी घटनाएं आगे भी हो सकती हैं. वहीं कुछ लोगों ने वीडियो में दिख रहे दृश्यों को देखकर हैरानी जताई कि पानी की इतनी बड़ी मात्रा इतनी तेजी से नीचे कैसे आ सकती है. 

यह भी पढ़ेंः जलप्रलय! नेपाल में आया मौत का सैलाब, डरा देगा वायरल वीडियो