आजकल बच्चों को सुबह-सुबह उठना पसंद नहीं होता, लेकिन एक छोटे बच्चे की ऐसी कहानी सामने आई है जिसे सुनकर आपका दिल खुश हो जाएगा. यह बच्चा रोज सुबह 6 बजे उठकर अपने घर के पास वाली दुकान के बाहर जाकर बैठ जाता है. वह किसी इंसान का नहीं, बल्कि गली के बेजुबान कुत्तों का इंतजार करता है ताकि उन्हें भरपेट खाना खिला सके. इस मासूम बच्चे की इस मासूमियत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
रोज सुबह कुत्तों को बिस्कुट खिलाता है ये बच्चा
बिलाल नाम के एक शख्स ने इस पूरे वाकये को अपने कैमरे में कैद किया और इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वीडियो में देखा जा सकता है कि सुबह 6 बजे जब सड़कें खाली होती हैं, तब यह बच्चा दुकान के बाहर शांति से बैठा रहता है. थोड़ी ही देर में एक कुत्ता अपनी पूंछ हिलाता हुआ खुशी-खुशी उसके पास आता है. उसे देखते ही बच्चा दुकान से बिस्कुट का एक पैकेट खरीदता है. देखते ही देखते दो-तीन और कुत्ते वहां इकट्ठा हो जाते हैं और बच्चा बड़े प्यार से बिस्कुट बांटकर उन्हें खिलाने लगता है.
बिना किसी मतलब के करता है ये काम
वीडियो बनाने वाले शख्स ने बताया कि यह कोई एक दिन की बात नहीं है. यह बच्चा रोज सुबह उठकर सबसे पहले कुत्तों को बिस्कुट खिलाता है और फिर अपने काम में लगता है. इतने छोटे बच्चे में जानवरों के प्रति इतना प्यार और दया देखकर लोग हैरान हैं. बच्चे को न तो किसी तारीफ का लालच है और न ही वह किसी को दिखाने के लिए ऐसा कर रहा है.
कुछ यूजर्स ने जताई चिंता
हालांकि यह काम बच्चे के लिए खतरा भी बन सकता है. कई यूजर्स ने हाल ही में छोटे बच्चों पर बढ़ते डॉग बाइट के केस को लेकर चिंता जताई है. यूजर्स का कहना है कि इतनी सी उम्र में जानवरों के लिए यह प्रेम ठीक है लेकिन बच्चे के घर वालों को बच्चे की इस हरकत पर ध्यान भी देना चाहिए. कुत्तों के दिमाग का कोई भरोसा नहीं होता और वो किसी भी वक्त अपने पालहार को भी निशाना बनाने से नहीं चूकते.
यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल
तो कुछ ने कहा- ‘इस बच्चे को बुरी नजर से बचाना’
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और बच्चे की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि हर माता-पिता को अपने बच्चों को जानवरों से प्यार करना सिखाना चाहिए. नेटिजन्स का कहना है कि किसी भूखे बेजुबान को खाना खिलाना दुनिया का सबसे बड़ा पुण्य का काम है. हालांकि कई यूजर्स ने इस वीडियो को लेकर चिंता भी जताई है और कहा है कि बच्चे के साथ किसी भी वक्त डॉग बाइट जैसी घटना का खतरा इस काम में हमेशा रहेगा.
यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो





