Bhagoriya 2024: भगोरिया का रंग ऐसा जो सदियों बाद भी है कायम और गहरा
naidunia_image

भगोरिया मेले में गोटा चांदी के पारंपरिक जेवरों में सजी आदिवासी युवतियां। -नईदुनिया

वर्तमान में मेघनगर, राणापुर, बामनिया, जोबट, आलीराजपुर, झाबुआ, कट्ठीवाड़ा, भाभरा, उमराली, खट्टाली, बखतगढ़, धानपुर, वालपुर आदि स्थानों के अलावा अब तो यह धार में भी अपना रंग जमाने लगा है। और तो और इंदौर में होने वाले सांस्कृतिक आयोजनों में भी भगोरिया की पैठ बन चुकी है। वास्तव में भगोरिया मेला होली दहन के सात दिन पहले शुरू होता है। इन सात दिनों में जिस भी गांव में हाट लगता है वहीं इसकी रंगत छा जाती है।

कुछ जस का तस और कुछ हुआ बदलाव

यूं तो भगोरिया में परंपराओं के रंग आज भी चटखदार ही हैं खासतौर पर पहनावा, नृत्य-संगीत लेकिन इसमें कुछ नयापन भी शामिल हो गया है। ज्यादातर आदिवासी तो पारंपरिक परिधान पहने ही मेले का हिस्सा बनते हैं लेकिन कुछ युवा ऐसे भी हैं जिनपर अब शहरी रंग चढ़ने लगा है। इसलिए युवक ही नहीं युवतियां भी जींस-टीशर्ट पहने भगोरिया में शामिल होने लगी हैं। मांदल की थाप पर लोकगीतों का राग तो हर किसी को थिरकने पर मजबूर कर ही देता है लेकिन अब ‘डीजे वाले बाबू’ भी यहां की रंगत बढ़ा रहे हैं।

एक समूह जहां आपको परंपराओं का निर्वाह पारंपरिक ढंग से करता हुए दिख जाएगा वहीं दूसरा समूह ‘काका बाबा ना पोरिया’ छोड़ आज के फिल्मी गीतों पर थिरक रहा है। ऐसा ही बदलाव मेले के आकर्षणों में एक झूले के साथ भी हुआ है। धरती से आकाश की दूरी मापते गोल पारंपरिक झूले के अलावा अब नाव के आकार का कोलंबस, डिस्को आदि झूले भी यहां लगने लगे हैं। हाट में बिकने वाली सामग्रियों में कपड़े, मसाले, गहने-गोटा ही नहीं अब तो टेडीबियर, नए जमाने के खिलौने और जैविक उत्पाद भी शामिल हो गए हैं।

naidunia_image

सोंडवा में भगोरिया मेले का जबर्दस्त उल्लास। -नईदुनिया

शूटिंग का बेहतर ठिया

भगोरिया न केवल भारत की पुरानी संस्कृति को पसंद करने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है बल्कि अब तो यहां फोटोग्राफी, सिनेमेटोग्राफी करने वाले भी बहुतायत में आ-जा रहे हैं। यही नहीं अब तो यहां कला व फोटोग्राफी प्रदर्शनी, कला शिविर भी लगने लगे हैं। यह इस बात का सबूत है कि अब मेहमानों की आवाजाही यहां बढ़ गई है।

नृत्य-संगीत की रंगत

भगोरिया में नृत्य-संगीत की रंगत भी नजर आती है। इस दौरान तीन तालिया, तांगड़िया, धारवा, चमकचाला आदि लोकनृत्य किए जाते हैं। ये नृत्य हर शुभबेला में किए जाते हैं फिर चाहे शादी-ब्याह हो या पूजन-मन्नत। यूं तो मांदल, ढोल, बांसुरी, शहनाई, कुंडी, ताशे, थाली का उपयोग साज के रूप में होता है लेकिन झाबुआ में मांदल, शहनाई, कुंडी और थाली ही उपयोग में लाई जाती है तो आलीराजपुर में ढोल नहीं बजाया जाता। कहीं बांसुरी प्रमुखता से बजती है तो कहीं ताशे भी बजते हैं।