DNPA की अध्यक्ष बनीं मनोरमा ऑनलाइन की CEO मरियम मैमन मैथ्यू, इस दिन से संभालेंगी दायित्व
मनोरमा ऑनलाइन की सीईओ मरियम मैमन मैथ्यू एक अप्रैल 2024 से डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) के अध्यक्ष पद के प्रभार का संचालन करेंगी। उनको दो साल के लिए डीएनपीए का अध्यक्ष बनाया गया है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Sat, 23 Mar 2024 09:11 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 23 Mar 2024 09:11 AM (IST)

HighLights
- अमर उजाला के पूर्व एमडी तन्मय माहेश्वरी के स्थान बनीं अध्यक्ष।
- नए उपाध्यक्ष के लिए पुनीत गुप्ता का नाम तय।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मनोरमा ऑनलाइन की सीईओ मरियम मैमन मैथ्यू एक अप्रैल 2024 से डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) के अध्यक्ष पद के प्रभार का संचालन करेंगी। उनको दो साल के लिए डीएनपीए का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले इस पद पर अमर उजाला के एमडी तन्मय माहेश्वरी थे। अब उनकी जगह मरियम मैमन मैथ्यू लेंगी।
अभी तक निभा रही थीं उपाध्यक्ष का दायित्व
मैथ्यू अभी तक डीएनपीए की उपाध्यक्ष के प्रभार का संचालन कर रही थीं। इस दौरान उनके अध्यक्ष के रूप में तन्मय माहेश्वरी काम देख रहे थे। डीएनपीए की अध्यक्ष बनने के बाद मैथ्यू ने कहा कि डीएनपीए का अध्यक्ष बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं डिजिटल मीडिया परिदृश्य में योगदान करूंगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल समाचार संस्थाओं के विस्तार, प्रभाव और स्थायित्व में वृद्धि करना ही मेरा मुख्य लक्ष्य होगा।
इनको मिली उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
आपको बता दें कि डीएनपीए की वार्षिक बैठक में यह फैसला किया गया कि मैथ्यू को उपाध्यक्ष से अध्यक्ष पद के लिए पदोन्नत किया जाए। डीएनपीए को अब नया उपाध्यक्ष भी मिल गया है। टाइम्स इंटरनेट के सीओओ पुनीत गुप्ता नए उपाध्यक्ष बने हैं। डिजिटल एचटी मीडिया के सीईओ पुनीत जैन पहले की तरह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारियों को संभालते रहेंगे।
डीएनपीए 18 संगठनों का करता है प्रतिनिधित्व
मालूम हो कि डीएनपीए 18 मीडिया संगठनों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, द इंडियन एक्सप्रेस, मलयाला मनोरमा, ईटीवी, इंडिया टुडे ग्रुप, एबीपी नेटवर्क, टाइम्स ग्रुप, नेटवर्क 18, द हिंदू, अमर उजाला, हिंदुस्तान टाइम्स, जी मीडिया, लोकमत, एनडीटीवी, द न्यू इंडियन एक्सप्रेस, मातृभूमि और इंडिया टीवी शामिल है।


