देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में शतक लगाया. 15 अगस्त 2026 से शुरू हुए मुकाबले में पडिक्कल ने 9 चौके और 1 छक्के की मदद से सेंचुरी पूरी की. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि वह स्वतंत्रता दिवस पर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. तो आइए जानते हैं कि इस दावे में कितनी सच्चाई है.
स्वतंत्रता दिवस पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने देवदत्त पडिक्कल?
तो आपको बता दें कि यह दावा बिल्कुल झूठ है. देवदत्त स्वतंत्रता दिवस के दिन यानी 15 अगस्त को शतक लगाने वाले पहले नहीं, बल्कि दूसरे भारतीय बने हैं. आजादी के दिन भारत के लिए शतक लगाने वाले विराट कोहली पहले बल्लेबाज बने थे.
🚨 HISTORY BY DEVDUTT PADIKKAL 🇮🇳
Devdutt Padikkal becomes the first Indian to score a Hundred on Independence Day. 🔥 pic.twitter.com/UrEPqKOpB6
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 15, 2026
कोहली ने 2019 में किया था कमाल
कोहली ने 2019 में स्वतंत्रता दिवस के दिन वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रन चेज के दौरान शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 99 गेंदों में 14 चौकों की मदद से नाबाद 114 रन बनाए थे. इस बात में थोड़ा सा ट्विस्ट ये है कि मुकाबला त्रिनिदाद में 14 अगस्त को खेला गया था. मैच में जब कोहली का शतक पूरा हुआ था, तो उस वक्त भारतीय समय के अनुसार तारीख 15 अगस्त हो चुकी थी. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 6 विकेट से (DLS के तहत) जीत हासिल की थी.
इस तरह देवदत्त पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लिए शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं. यह पडिक्कल के अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला शतक रहा. उनकी 2 साल के लंबे इंतजार के बाद टीम इंडिया में वापसी हुई, जिसका उन्होंने बखूबी फायदा उठाया.
भारत-श्रीलंका टेस्ट के पहले दिन का हाल
गॉल टेस्ट का पहला दिन भारत के नाम रहा. दिन समाप्त होने तक टीम इंडिया ने बैटिंग करते हुए 73 ओवर में 288 रन बोर्ड पर लगा लिए हैं. इस दौरान टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल 131 रन पर और ऋषभ पंत 27 रन पर नाबाद लौटे. विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 77* रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. राहुल को मांसपेशियों में खिंचाव के चलते वापस लौटना पड़ा.
भारत ने 2 विकेट यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के रूप में गंवाए. जायसवाल ने 5 चौके लगाकर 32 रन स्कोर किए, जबकि गिल सिर्फ 16 रन बना सके- जिसमें 2 चौके शामिल रहे. श्रीलंका के लिए इकलौता विकेट प्रभात जयसूर्या ने लिया.
यह भी पढ़ें: केएल राहुल की इंजरी पर टीम इंडिया के कोच ने दिया अपडेट, जानें क्या कहा





