
अगर कोई व्यक्ति या प्लेटफॉर्म बहुत कम समय में बहुत ज्यादा रिटर्न की गारंटी दे रहा है तो सावधान हो जाएं. निवेश में रिटर्न हमेशा बाजार की स्थिति और जोखिम से जुड़ा होता है. पैसा दोगुना, गारंटीड प्रॉफिट या बिना जोखिम के रोजाना कमाई जैसे दावे धोखाधड़ी का जाल हो सकता है.

इसके साथ ही किसी ऐप या वेबसाइट पर पैसा लगाने से पहले उसके बारे में अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें. भारत में शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से जुड़ी सर्विसेज के लिए संबंधित संस्था की वैलिडिटी और रजिस्ट्रेशन जरूर चेक करें. केवल सोशल मीडिया पर मौजूद ऐड या किसी व्यक्ति के भेजे लिंक के आधार पर निवेश बिलकुल भी न करें.

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ठग अक्सर WhatsApp और Telegram ग्रुप बनाकर खुद को एक्सपर्ट या एक बड़ा ट्रेडर बताते हैं. इन ग्रुप में फर्जी प्रॉफिट स्क्रीनशॉट और नकली ट्रेडिंग टिप्स दिखाकर लोगों को पैसे लगाने के लिए उकसाया जाता है. किसी अनजान व्यक्ति की सलाह पर सीधे निवेश करने के बजाय जानकारी को अच्छी तरीके से वेरिफाई करें.

कई स्कैम में शुरुआत में छोटा निवेश करवाकर नकली मुनाफा दिखाया जाता है. इसके बाद ज्यादा रकम लगाने या पैसे निकालने के लिए टैक्स, फीस जैसे सिक्योरिटी चार्ज के नाम पर एक्सट्रा पेमेंट मांगा जाता है. ऐसी स्थिति में किसी भी तरह का पेमेंट बिलकुल भी न करें.

निवेश के नाम पर कोई व्यक्ति आपसे OTP, UPI PIN, ATM PIN, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या कार्ड की संवेदनशील जानकारी मांगता है तो उसे बिल्कुल न दें. बैंक के नाम का इस्तेमाल करके भी ठग ऐसी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं.

स्कैम करने वाले अक्सर कहते हैं कि ऑफर सिर्फ कुछ मिनट या कुछ घंटों के लिए उपलब्ध है. उनका मकसद होता है कि आप किसी भी तरह की जांच-पड़ताल न कर पाएं. किसी भी निवेश पर फैसला लेने से पहले कंपनी, प्लेटफॉर्म, जोखिम और नियमों की जानकारी जरूर लें.

अगर आपको लगता है कि आपके साथ निवेश के नाम पर धोखाधड़ी हुई है तो तुरंत अपने बैंक या पेमेंट सर्विस को सूचित करें और लेनदेन से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रखें. साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत शिकायत करना बहुत जरूरी होता है. ऐसा करने से आपका पैसा मिलने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है.
Published at : 15 Aug 2026 06:18 PM (IST)





